Sawan Somwar 2026: सावन के पहले सोमवार को बाबा विभूतिनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा परिसर
सुबह से ही दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें, जलाभिषेक को पहुंचे हजारों श्रद्धालु; पुलिस-प्रशासन ने संभाली व्यवस्था
सिरसिया/श्रावस्ती, अमृत विचार: सिरसिया के बाबा विभूतिनाथ मंदिर में सावन के पहले सोमवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। पाण्डवकालीन इस प्रसिद्ध शिव मंदिर में भोर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी। मंदिर का कपाट चार बजे खुलते ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें मंदिर परिसर से बाहर तक दिखाई दीं। पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।
सावन मास पर श्रावस्ती सहित आसपास के जिलों व दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा विभूतिनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे। भक्तों ने श्रद्धा पूर्वक जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प व अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की रही बड़ी मौजूदगी
मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। सावन के पहले सोमवार को बाबा विभूतिनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन व पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट नजर आया। मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग लगाई गई थी। पुलिसकर्मी लगातार निगरानी में जुटे रहे। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाए गए थे, जिससे अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

साफ-सफाई और पेयजल की भी व्यवस्था
मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल व अन्य सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस एवं प्रशासन की मुस्तैदी के चलते श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की सक्रियता और बेहतर प्रबंधन के कारण भक्तों को शांतिपूर्ण वातावरण में दर्शन-पूजन का अवसर मिला। पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा तथा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
यह भी पढ़ेंः Ayodhya Ram Mandir: 11 दिनों तक चलेगा झूलनोत्सव, स्वर्ण जड़ित चांदी के हिंडोले पर विराजेंगे रामलला
