Bahraich News: मिहींपुरवा में दर्दनाक हादसा, सड़क निर्माण के गड्ढे में डूबने से 6 वर्षीय मासूम की मौत
मिहींपुरवा में सड़क निर्माण के गड्ढे में डूबने से 6 साल के बच्चे की मौत
बहराइच के मिहींपुरवा में सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से 6 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के मिहींपुरवा में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम की जान चली गई। तहसील परिसर के पास सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि स्थानीय लोगों में निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही को लेकर नाराजगी है।
खेलते-खेलते गड्ढे में गिरा मासूम
जानकारी के अनुसार, धर्मापुर जलीहा गांव निवासी बसंत मिहींपुरवा तहसील परिसर के पास एक जलपान गृह चलाते हैं। सोमवार सुबह करीब 6 बजे उनका 6 वर्षीय बेटा तहसील परिसर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान वह सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे के पास पहुंच गया और संतुलन बिगड़ने से उसमें गिर गया।
बारिश के पानी से भरा था गहरा गड्ढा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा हाल की बारिश के कारण पानी से पूरी तरह भर गया था। पानी अधिक होने की वजह से मासूम बाहर नहीं निकल सका और डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मोतीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर न तो सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे और न ही गहरे गड्ढे के आसपास कोई चेतावनी या बैरिकेडिंग की गई थी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
ये भी पढ़ें :
Sitapur News: कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन से टकराया डीजे, दो युवकों की मौत
