Sultanpur Accident News: मौत के मुंह में पहुंचा बाइक सवार! अनियंत्रित ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, गंभीर हालत में रेफर
लखनऊ-बलिया हाईवे पर हादसे से मची अफरातफरी, ट्रक की टक्कर से युवक का पैर बुरी तरह घायल; चालक वाहन लेकर फरार
सुलतानपुर, अमृत विचारः गोसाईगंज थाना क्षेत्र के लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के सहादतपुर नटौली गांव निवासी 24 वर्षीय बादल कुमार पुत्र गूंगे राम बाइक से आयुपुर स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने जा रहे थे। बताया गया कि बांसगांव के पास शिव मंदिर के निकट पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बादल ट्रक के नीचे आ गए। हादसे में उनका एक पैर गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से गोसाईंगंज पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने एंबुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक कब्जे में लेकर थाने भेज दी है। थानाध्यक्ष अखंड देव मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः 55 साल पुराना कांग्रेस का ठिकाना खाली, घंटाघर पर प्रशासन का ताला; हाईकोर्ट से भी नहीं मिली राहत
