रेलवे के इन खिलाड़ियों ने किया कमाल! 39 को मिला बड़ा सम्मान, अंतरराष्ट्रीय पदकों से चमकाया लखनऊ मंडल का नाम

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

डीआरएम गौरव अग्रवाल ने 30 खिलाड़ियों और 9 कोच-मैनेजरों को ‘अवार्ड फॉर एक्सीलेंस इन स्पोर्ट्स’ से किया सम्मानित

लखनऊ, अमृत विचारः पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के खिलाड़ी कर्मचारियों ने वर्ष 2025-26 में विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन कर मंडल का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। इस उपलब्धि पर डीआरएम गौरव अग्रवाल ने शुक्रवार को 30 खिलाड़ियों और 09 कोच व मैनेजरों को ''मंडल रेल प्रबंधक अवार्ड फॉर एक्सीलेंस इन स्पोर्ट्स'' से सम्मानित किया। इस दौरान एडीआरएम इंफ्रा भुवनेश सिंह, एडीआरएम परिचालन नीतू और मंडल क्रीड़ाधिकारी धनंजय मिश्रा उपस्थित रहे।

अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं में एथलीट नंदिनी गुप्ता ने सीनियर नेशनल में स्वर्ण, एशियन चैंपियनशिप में कांस्य और इंटर रेलवे में स्वर्ण जीता। हैंडबॉल में ज्योति शुक्ला ने 19वें एशियन गेम्स और एशियन महिला चैंपियनशिप में कांस्य, आशा रानी ने एशियन चैंपियनशिप में कांस्य और पहलवान मानसी ने अल्बानिया में सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग में कांस्य पदक जीता।

राष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में अंकुश, अरशद, मनीष ने स्वर्ण और राम आसरे यादव ने कांस्य, कबड्डी में प्रवेश ने रजत और अमित नागर ने स्वर्ण, भारोत्तोलन में उषा ने स्वर्ण, भावना ने रजत तथा अंजलि जोशी और वीर जीत कौर ने कांस्य जीता। क्रिकेट के 10, फुटबॉल में सनी प्रकाश सिंह, एथलेटिक्स में रोहन यादव, मोनिका चौधरी, डिम्पल सिंह, बैडमिंटन में राहुल शाह और स्विमिंग में सचिन त्रिपाठी को भी सम्मानित किया गया। 9 कोचों में चंद्र विजय सिंह, अरविंद पांडेय, स्वाति सिंह सहित अन्य शामिल रहे।

संबंधित समाचार