UP Election 2027: 'प्रचंड बहुमत से फिर बनेगी सरकार', लखनऊ में NDA की बैठक से पहले भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का बड़ा दावा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मीडिया से बातचीत में 2027 विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत का भरोसा जताया। NDA सहयोगी दलों के नेताओं ने भी जीत की रणनीति, संगठन और गठबंधन की मजबूती पर जोर दिया।
लखनऊ। विधानसभा 2027 चुनाव से पहले भाजपा और सहयोगी दलों में जोश भरने के लिए BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शनिवार से दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर हैं। सहयोगी दलों के साथ बैठक से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भरोसा जताया कि भारतीय जनता पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और NDA गठबंधन के सहयोग से एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेवा भाव के साथ जनता के लिए काम किया है। इसी आधार पर जनता का विश्वास भाजपा और NDA के साथ बना हुआ है।
'उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का संकल्प'
नितिन नबीन ने कहा कि NDA के सभी सहयोगी दल उत्तर प्रदेश को बेहतर बनाने के लक्ष्य के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "पूरी तरह से भाजपा अपने आपको चुनाव मैदान में रखती है। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए NDA के सभी सहयोगी दलों ने काम किया है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस सेवा भाव के साथ जनता के लिए काम किया है, मुझे पूरी उम्मीद है कि 2027 में हम प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे।"
1.png)
भूपेंद्र चौधरी बोले- संगठन को मिले दिशा-निर्देश
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा पूरी तरह संगठनात्मक है।
उन्होंने बताया कि अलग-अलग समूहों में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर भविष्य की रणनीति और संगठन को मजबूत बनाने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसका एजेंडा नकारात्मक है और वह समाज को जाति, भाषा एवं क्षेत्र के आधार पर बांटने की राजनीति करती है, जिसे उत्तर प्रदेश की जनता समझ चुकी है।
स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं की भूमिका बताई
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा का मूल मंत्र कार्यकर्ता आधारित संगठन रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता जातिवाद, क्षेत्रवाद, व्यक्तिवाद और वंशवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद को प्राथमिकता देता है तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम करता है।
आशीष पटेल बोले- गठबंधन जीत के लिए काम करता है
मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में NDA की बैठक में सभी सहयोगी दलों को आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पिछले 12 वर्षों से गठबंधन का हिस्सा है और उसका उद्देश्य सीटों की संख्या नहीं बल्कि गठबंधन की जीत सुनिश्चित करना है।
ओम प्रकाश राजभर का लक्ष्य- 2017 से ज्यादा सीटें
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तर प्रदेश का यह पहला दौरा है और बैठक का उद्देश्य 2027 चुनाव की रणनीति तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि NDA का लक्ष्य वर्ष 2017 की तुलना में अधिक सीटें जीतना है और सभी सहयोगी दल उसी दिशा में काम कर रहे हैं।
संजय निषाद बोले- चुनावी रणनीति पर होगी चर्चा
मंत्री संजय निषाद ने कहा कि बैठक में सहयोगी दलों के बीच चुनावी रणनीति और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि गठबंधन का उद्देश्य सभी सीटों को जीत में बदलना है और सहयोगी दल इस दिशा में मिलकर कार्य करेंगे।
यह भी पढ़ेंः भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने पी लखनऊ की फेमस शर्मा की चाय, हनुमान सेतु मंदिर में किए दर्शन
