Pratapgarh News : CM Yogi Adityanath के 7 जुलाई दौरे की तैयारियां तेज, आईजी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रतापगढ़, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 जुलाई को प्रस्तावित प्रतापगढ़ दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अजय कुमार मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर और अन्य अधिकारियों के साथ राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मंच स्थल, वीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, आमजन के प्रवेश और निकास द्वार, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात संचालन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए और सभी मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने भी संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, वीआईपी मूवमेंट को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल की तैनाती, आपातकालीन व्यवस्थाओं, सुरक्षा घेराबंदी तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने और कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री के दौरे को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।

संबंधित समाचार