AKTU Convocation 2026: 83 मेधावियों पर बरसेंगे 84 पदक, 62,537 छात्रों को मिलेगी डिग्री

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

7 जुलाई को होगा AKTU का 24वां दीक्षांत समारोह, पहली बार मार्कशीट और डिग्री के साथ ट्रांसक्रिप्ट भी मिलेगी निःशुल्क

लखनऊ, अमृत विचार: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में 7 जुलाई को आयोजित होने वाले 24वें दीक्षांत समारोह में कुल 83 मेधावियों को 84 पदक दिए जाएंगे। जिसमें 35 स्वर्ण, 23 रजत और 24 कांस्य पदक शामिल हैं। इस बार चांसलर मेडल अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज गाजियाबाद के बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम की छात्रा अंशिका राणा को दिया जाएगा। जबकि कमल रानी वरूण स्मृति स्वर्ण पदक एससी वर्ग में केआईईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के बीटेक कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पाठ्यक्रम की छात्रा इशिका को दिए जाने के प्रस्ताव को संस्तुति प्रदान की गई। समारोह में 62537 छात्रों को डिग्री और 52 छात्रों को पीएचडी की डिग्री अवार्ड होगी। कुल पदक पाने वालों में 52 छात्राएं तो 31 छात्र शामिल हैं।

कुलपति प्रो. जेपी पांडेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई विद्या परिषद की बैठक में विवि के 24वें दीक्षांत समारोह में छात्रों को प्रदान किए जाने वाले पदकों, डिग्रियों का अनुमोदन प्रदान किया गया। इसके अलावा छात्रों के हित में निर्णय लेते हुए विद्या परिषद ने मार्कशीट और डिग्री के साथ अब ट्रांसक्रिप्ट भी निःशुल्क देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। मूक्स के ऑनर्स कोर्स को समाप्त करने के प्रस्ताव पर अनुमोदन दिया गया। चूंकि विश्वविद्यालय ऑनर्स और माइनर कोर्स चला रहा है इसलिए मूक्स के ऑनर्स कोर्स को खत्म करने का निर्णय लिया गया। बैठक में प्रति कुलपति प्रो. राजीव कुमार, कुलसचिव रीना सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया, आईईटी के कार्यवाहक और कैश के निदेशक प्रो. वीरेंद्र पाठक, एफओएपी की प्राचार्या प्रो. वंदना सहगल, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ेंः DSMNRU Convocation 2026: डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के 13वें दीक्षांत समारोह में सी. सदानंदन मास्टर होंगे मुख्य अतिथि

संबंधित समाचार