अर्जुन तेंदुलकर का ऑलराउंडर तूफान: मुंबई लीग में पहले गेंद से बरपाया कहर, फिर 25 गेंदों में फिफ्टी ठोक याद दिलाए पिता सचिन के दिन!
नई दिल्लीः क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने 8 जून की रात मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में ऐसा ऑलराउंड खेल दिखाया कि पूरा स्टेडियम 'तेंदुलकर-तेंदुलकर' के नारों से गूंज उठा। T20 मुंबई लीग 2026 में ARCS अंधेरी की तरफ से खेलते हुए अर्जुन ने पहले अपनी घातक गेंदबाजी से विपक्षी टीम की कमर तोड़ी, और फिर बल्ले से महज़ 25 गेंदों में अर्धशतक जड़कर अपनी टीम को एकतरफा और धमाकेदार जीत दिला दी।
3 ओवर में चटकाए 3 विकेट
बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करने उतरी अंधेरी की टीम ने अर्जुन की अगुवाई में कसी हुई गेंदबाजी की। अर्जुन तेंदुलकर विरोधी टीम के बल्लेबाजों के लिए काल साबित हुए। उन्होंने अपने कोटे के 3 ओवरों में सिर्फ 11 रन खर्च किए और 3 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए। उनकी इस घातक स्विंग के आगे बांद्रा की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर केवल 144 रन ही बना सकी।
34 गेंदों में कूट दिए 66 रन
145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अंधेरी की टीम ने अर्जुन तेंदुलकर को नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए प्रमोट किया। क्रीज पर आते ही अर्जुन ने आक्रामक रुख अपना लिया। उन्होंने मैदान के हर कोने में चौके-छक्कों की बरसात कर दी।
अर्जुन ने 34 गेंदों का सामना करते हुए 66 रनों की धुआंधार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 4 गगनचुंबी छक्के और 5 कड़क चौके लगाए। उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को 13.5 ओवरों में ही 9 विकेट से एकतरफा जीत दिला दी। इस बेमिसाल ऑलराउंड खेल के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
कप्तान शिवम दुबे ने थपथपाई पीठ, वीडियो वायरल
इस ऐतिहासिक जीत के बाद ड्रेसिंग रूम का माहौल देखने लायक था। टीम के कप्तान शिवम दुबे ने पूरी टीम के सामने अर्जुन तेंदुलकर की इस मैच जिताऊ पारी की जमकर सराहना की, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अर्जुन कप्तान से तारीफ पाकर बेहद खुश और मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं।
IPL 2026 में नहीं मिले थे ज्यादा मौके
गौरतलब है कि हाल ही में खत्म हुए IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की तरफ से खेलने वाले अर्जुन को पूरे सीजन में सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला था। पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए उस इकलौते मैच में उन्होंने 4 ओवर में 36 रन देकर सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह का विकेट चटकाया था। भले ही आईपीएल में उन्हें खुद को साबित करने के ज्यादा मौके न मिले हों, लेकिन T20 मुंबई लीग में वह अपने प्रदर्शन से लगातार सेलेक्टर्स का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं।
