UP News: बुआ के घर आया था युवक, अब संदिग्ध हालत में मिला शव मिलने से हड़कंप

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

चोटों के निशान देख जताई हत्या की आशंका, परिजनों में कोहराम

कोतवाली क्षेत्र के गांव धनोरी में सोमवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक बुआ के घर आया हुआ था। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के चोटों के निशान देखकर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।

स्वार, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव धनोरी में सोमवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक बुआ के घर आया हुआ था। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के चोटों के निशान देखकर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।

सुबह चारपाई पर नहीं था प्रियांशु
मसवासी क्षेत्र के गांव ज्वालापुर निवासी प्रियांशु(18) पुत्र नरेश पिछले कुछ दिनों से अपनी बुआ चंद्रकला के घर गांव धनोरी में रह रहा था। परिजनों के मुताबिक रविवार रात वह परिवार के साथ खाना खाने के बाद सो गया था। सोमवार तड़के जब परिजन जागे तो वह चारपाई पर नहीं मिला। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद गांव के जंगल में एक खेत के किनारे उसका शव पड़ा मिला। खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। 

शरीर पर चोटों के मिले निशान
कपड़े फटे हुए थे तथा शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे। ऐसे में उन्होंने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार