UP Skill Development: 936 ट्रेनिंग प्रोवाइडर्स तैयार, 1 अगस्त से 1 लाख से ज्यादा युवाओं को मिलेगा AI आधारित स्किल प्रशिक्षण

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

राज्य कौशल विकास निधि (SSDF) योजना के दूसरे चरण का लक्ष्य जारी। 'AI for All' मॉड्यूल होगा अनिवार्य, सीसीटीवी निगरानी, 90 दिन में प्लेसमेंट और 365 दिन तक युवाओं की ट्रैकिंग की जाएगी।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगारपरक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए राज्य कौशल विकास निधि (एसएसडीएफ) योजना के दूसरे चरण का लक्ष्य आवंटन जारी कर दिया है। इस चरण में 936 प्रशिक्षण प्रदाताओं के माध्यम से एक लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। चयनित प्रशिक्षण संस्थानों में कक्षाएं 1 अगस्त 2026 से शुरू होंगी।

व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि युवाओं को नई तकनीकों के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से प्रत्येक प्रशिक्षण बैच में चार घंटे का 'AI for All' मॉड्यूल और सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण अनिवार्य किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण की अधिकतम अवधि 900 घंटे निर्धारित की गई है। वहीं आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में प्रतिदिन कम से कम आठ घंटे की कक्षाएं संचालित होंगी।

सीसीटीवी निगरानी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

सरकार ने सभी प्रशिक्षण केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया है। इन केंद्रों की निगरानी सीधे मुख्यालय से की जाएगी।

यदि किसी संस्थान ने समय पर प्रशिक्षण शुरू नहीं किया या उसके खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई, तो उसके विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

'कौशल दर्पण' AI डैशबोर्ड से हुआ लक्ष्य आवंटन

इस बार प्रशिक्षण लक्ष्य का आवंटन 'कौशल दर्पण' AI डैशबोर्ड के माध्यम से किया गया है। प्रशिक्षण संस्थानों को मिशन के साथ लिखित अनुबंध और बैच स्वीकृति मिलने के बाद ही प्रशिक्षण प्रारंभ करने की अनुमति होगी।

सरकार के अनुसार न्यू-एज प्रशिक्षण प्रदाता केवल भविष्य की मांग वाले जॉब रोल में ही प्रशिक्षण उपलब्ध कराएंगे।

936 प्रशिक्षण संस्थानों को मिला लक्ष्य

मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि कुल 936 प्रशिक्षण प्रदाताओं को एक लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

इनमें 831 निजी, राजकीय और स्टार्टअप प्रशिक्षण संस्थानों को 91,425 युवाओं तथा 105 औद्योगिक एवं न्यू-एज प्रशिक्षण प्रदाताओं को 14,650 युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य आवंटित किया गया है।

उन्होंने बताया कि पहले चरण में 957 प्रशिक्षण प्रदाताओं को 99 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य दिया गया था।

रोजगार मेले और प्लेसमेंट पर रहेगा फोकस

एसएसडीएफ योजना के तहत प्रशिक्षण पूरा करने वाले और 70 प्रतिशत या उससे अधिक उपस्थिति दर्ज करने वाले युवाओं को ही रोजगार मेलों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

इसके अलावा प्रशिक्षण परिणाम घोषित होने के 90 दिनों के भीतर प्लेसमेंट सुनिश्चित किया जाएगा। नौकरी मिलने के बाद युवाओं की 365 दिनों तक ट्रैकिंग भी की जाएगी, ताकि रोजगार की स्थिति का नियमित आकलन किया जा सके।

यह भी पढ़ेंः UP Transport News: 6 जुलाई को होगी राज्य परिवहन प्राधिकरण की अहम बैठक, परमिट और निलंबन से जुड़े मामलों पर होगा फैसला

संबंधित समाचार