Bulandshahr Crime News: पैसों के विवाद में खूनी संघर्ष, बुलंदशहर में दो की मौत और दो घायल; पुलिस जांच में जुटी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार रात निजामपुर गांव में हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि विवाद की शुरुआत सिकंदराबाद निवासी उत्तम शर्मा और प्रशांत नाम के युवक के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर हुई बहस से हुई।

बहस के बाद आमने-सामने आए दो पक्ष

पुलिस के मुताबिक, कहासुनी बढ़ने के बाद निजामपुर गांव के दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया और इस दौरान गोलीबारी भी हुई। एसएसपी ने बताया कि झड़प में अजब सिंह (45) की मौत हो गई। वहीं, उसी पक्ष के रतन और अरविंद घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दूसरे पक्ष के युवक की भी मौत

पुलिस के अनुसार, दूसरे गुट के सोनू (40) की भी मौत हुई है। आरोप है कि हिंसा के दौरान विरोधी पक्ष की ओर से चलाए जा रहे एक वाहन ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी जान चली गई।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस झड़प में शामिल सभी लोगों की पहचान कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें : 
गांव से ग्लोबल मार्केट तक सफर, बिजनौर की महिलाओं की 'विदुर हर्बल टी' ने बनाई विदेशों में पहचान

 

संबंधित समाचार