Lucknow Jagannath Rath Yatra 2026:16 जुलाई को निकलेगी भव्य रथयात्रा, चार रथों के साथ गूंजेगा हरिनाम संकीर्तन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

इस्कॉन मंदिर के तत्वावधान में आयोजित होगी रथयात्रा। रबींद्रालय से जहांगीराबाद पैलेस तक निकलेगा भव्य जुलूस, 256 प्रकार के भोग और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे आकर्षण का केंद्र।

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्रीश्री राधा रमण बिहारी मंदिर (इस्कॉन), सुशांत गोल्फ सिटी की ओर से किया जा रहा है। कार्यक्रम की जानकारी ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी गई।

प्रेसवार्ता में मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु, इस्कॉन दिल्ली के उपाध्यक्ष वृजेंद्र नंदन प्रभु, भोक्ता राम प्रभु, मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन आनंद स्वरूप अग्रवाल, मधुस्मिता प्रभु, लाल बहादुर, रवि मलिक प्रभु और शिवशंकर अवस्थी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

15 जुलाई को होगा गुंडिचा मार्जन कार्यक्रम

आयोजकों के अनुसार, रथयात्रा से एक दिन पहले 15 जुलाई को सुबह 5 बजे से 9 बजे तक इस्कॉन मंदिर में गुंडिचा मार्जन कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान श्रद्धालु 100 झाड़ू और 100 कलशों के साथ मंदिर परिसर की साफ-सफाई करेंगे। कार्यक्रम के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।

उसी दिन शाम 4 बजे भगवान जगन्नाथ की विशेष आरती भी आयोजित की जाएगी।

रबींद्रालय से शुरू होगी रथयात्रा

16 जुलाई को सुबह 10 बजे से हरिनाम संकीर्तन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। दोपहर 2:30 बजे भक्ति पद्म सौरभ प्रचारक स्वामी महाराज का आध्यात्मिक प्रवचन होगा।

शाम 4 बजे रबींद्रालय, चारबाग से रथयात्रा प्रारंभ होगी, जो विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रात 8 बजे डीएम आवास के पास स्थित जहांगीराबाद पैलेस पहुंचेगी। समापन के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

चार रथ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

इस वर्ष की रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा के मुख्य रथ के अलावा राम दरबार, राधा-कृष्ण और श्रील प्रभुपाद की झांकियां भी शामिल होंगी।

यात्रा के दौरान मुकुंदा रॉक बैंड की प्रस्तुति, इस्कॉन गर्ल्स फोरम के सांस्कृतिक कार्यक्रम, हरिनाम संकीर्तन, पुष्प वर्षा, रंगोली, चंदन और इत्र से स्वागत जैसे आयोजन किए जाएंगे।

भगवान जगन्नाथ को 256 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे। साथ ही यात्रा मार्ग पर श्रीमद्भगवद्गीता सहित 90 से अधिक धार्मिक पुस्तकों का वितरण भी किया जाएगा।

यह रहेगा रथयात्रा का मार्ग

रथयात्रा रबींद्रालय, चारबाग से शुरू होकर बासमंडी चौराहा, हीवेट रोड, कैंट चौराहा (बर्लिंगटन), नावेल्टी सिनेमा, हलवासिया तिराहा और हजरतगंज होते हुए वापस जहांगीराबाद पैलेस पहुंचेगी।

आयोजकों ने बताया कि रथयात्रा में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव को भी आमंत्रित किया गया है।

आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस धार्मिक यात्रा में शामिल होने की अपील की है।

यह भी पढ़ेंः लॉर्ड्स में क्रांति गौड़ का ऐतिहासिक कमाल, 5 विकेट लेकर रचा इतिहास; ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज कराने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज