Hardoi News : रस्सी का खेल बना काल! निर्माणाधीन मकान में गर्दन कसने से 7वीं के छात्र की मौत
हरदोई के पाली थाना क्षेत्र के खनिकलापुर गांव में निर्माणाधीन मकान में खेलते समय रस्सी गर्दन में कस जाने से 12 वर्षीय छात्र आस्तिक की मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
हरदोई, अमृत विचार। जिले के पाली थाना क्षेत्र में खेल-खेल में हुआ एक दर्दनाक हादसा 12 वर्षीय छात्र की जान ले गया। निर्माणाधीन मकान में लटक रही रस्सी से खेलते समय वह उसकी गर्दन में कस गई, जिससे छात्र का दम घुटने लगा। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
स्कूल से लौटने के बाद खेलने गया था छात्र
पाली थाना क्षेत्र के खनिकलापुर गांव निवासी रंजन मिश्रा का 12 वर्षीय बेटा आस्तिक गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 7 का छात्र था। मंगलवार को वह स्कूल से घर लौटा और कुछ देर बाद पास में बन रहे निर्माणाधीन मकान में खेलने चला गया।
लटक रही रस्सी से खेलते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन मकान में लटक रही रस्सियों से खेलते समय एक रस्सी उसकी गर्दन में फंसकर कस गई। इससे उसका दम घुटने लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे तुरंत गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
पोस्टमार्टम के बाद जांच में जुटी पुलिस
मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छात्र की हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ के हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे एंबुलेंस से लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर घटना को हादसा माना जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
