Stock Market Today: कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर के पार, शेयर बाजार में भारी गिरावट; सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा टूटा
मुंबई। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने का असर शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों पर भी देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 512.07 अंक टूटकर 75,869.38 अंक पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 153 अंक की गिरावट के साथ 23,713.60 अंक पर कारोबार करता दिखा।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, इटर्नल, भारती एयरटेल, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस और ट्रेंट के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। अप्रैल-जून तिमाही के नतीजों के बाद इंटरग्लोब एविएशन का शेयर दो प्रतिशत से अधिक टूट गया, जबकि आईटी कंपनी इन्फोसिस का शेयर भी एक प्रतिशत से ज्यादा फिसल गया।
हालांकि, गिरते बाजार के बीच एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और सन फार्मा के शेयर बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। एशियाई बाजारों में भी बिकवाली का माहौल रहा। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 5.56 प्रतिशत लुढ़क गया, जबकि जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी शेयर बाजार भी गुरुवार को नुकसान के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.03 प्रतिशत बढ़कर 100.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) गुरुवार को शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने 2,999.23 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की। इससे पहले गुरुवार को भी सेंसेक्स 0.47 प्रतिशत और निफ्टी 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए थे।
ये भी पढ़ें :
Stock Market Today: कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से सेंसेक्स, निफ्टी में शुरुआती कारोबार में गिरावट
