UP Junior Women's Hockey : यूपी जूनियर महिला हॉकी टीम की तैयारी तेज, लखनऊ में ट्रेनिंग के बाद महाराष्ट्र में दिखाएंगी दम

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार। महाराष्ट्र के पुणे में 12 से 23 अगस्त तक आयोजित होने वाली 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल करने के इरादे से उत्तर प्रदेश की बेटियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके लिए उत्तर प्रदेश की संभावित महिला खिलाड़ियों का विशेष अभ्यास शिविर गुरुवार से गोमती नगर स्थित विजयंत खंड मिनी स्टेडियम के पद्मश्री मो. शाहिद हॉकी स्टेडियम में शुरु हो गया है।

इस अभ्यास शिविर में प्रदेश भर से चुनी गईं 25 महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ी मुख्य प्रशिक्षक जितेन्द्र भदौरिया और अकरम महमूद के कुशल मार्गदर्शन में मैदान पर कड़ा अभ्यास कर रही हैं। यह कैंप 14 अगस्त तक चलेगा, जिसके बाद अंतिम रूप से चयनित टीम प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पुणे के लिए रवाना होगी। 

हॉकी यूपी के सचिव रजनीश मिश्रा ने बताया कि इस चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की महिला हॉकी टीम अब तक स्वर्ण पदक हासिल नहीं कर सकी है। पिछले वर्ष भी टीम को कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा था। इसी कमी को दूर करने और इस बार स्वर्णिम चमक बिखेरने के उद्देश्य से खिलाड़ी धमाकेदार प्रदर्शन की तैयारी में जुटी हैं।

ये भी पढ़ें : 
यूपी पुलिस की दरोगा अस्मिता डे को सीएम योगी समेत यूपी DGP ने दी बधाई, बताया गर्व का क्षण

संबंधित समाचार