Hardoi News : 20 हजार की रिश्वत और बिछ गया जाल! हरदोई में विजिलेंस ने कानूनगो को रंगे हाथ दबोचा, तहसील में हड़कंप

Amrit Vichar Network
On

अहिरोरी सर्किल में तैनात राजस्व निरीक्षक कमल किशोर पर जमीन के नक्शा दुरुस्तीकरण के बदले रिश्वत मांगने का आरोप

हरदोई सदर तहसील में लखनऊ विजिलेंस टीम ने अहिरोरी सर्किल में तैनात कानूनगो कमल किशोर को 20 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोप है कि जमीन के नक्शा दुरुस्तीकरण के एवज में रिश्वत मांगी गई थी।

हरदोई, अमृत विचार। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत शुक्रवार को लखनऊ विजिलेंस टीम ने हरदोई सदर तहसील में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने अहिरोरी सर्किल में तैनात राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) कमल किशोर को 20 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।

नक्शा दुरुस्तीकरण के नाम पर मांगी थी रिश्वत

बताया जा रहा है कि जमीन के नक्शा दुरुस्तीकरण के काम के एवज में कानूनगो द्वारा शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने लखनऊ विजिलेंस से शिकायत की।शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की। शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी कानूनगो को रिश्वत लेते पकड़ने की योजना बनाई गई।

शिकायतकर्ता के हाथ भेजे रुपये, पहले से तैयार थी टीम

तय योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता को 20 हजार रुपये लेकर कानूनगो के पास भेजा गया। जैसे ही रुपये का लेनदेन हुआ, पहले से मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए कमल किशोर को पकड़ लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम उसे शहर कोतवाली लेकर पहुंची, जहां आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद आरोपी कानूनगो को जेल भेज दिया गया।

तहसील और राजस्व विभाग में मचा हड़कंप

सदर तहसील परिसर में विजिलेंस की कार्रवाई की खबर फैलते ही अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मच गई। कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही। विजिलेंस टीम आरोपी कानूनगो के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई में जुटी है। मामले में रिश्वत की मांग और लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-Barabanki News : डीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट को ठेंगा! कचहरी गेट के बगल चल रहा अवैध बाइक स्टैंड, सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल

संबंधित समाचार