हल्द्वानी में गरजे खड़गे : 'आजादी के वक्त अंग्रेजों के चरणों में बैठे थे BJP-RSS के नेता, इनके पास है भ्रष्टाचारियों को धोने वाली वॉशिंग मशीन'
मल्लिकार्जुन खड़गे ने धामी सरकार को घेरा, भ्रष्टाचार पर साधा निशाना
हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 'विजय शंखनाद रैली' में BJP और RSS पर जमकर हमला बोला। आजादी के इतिहास, भ्रष्टाचार, संविधान और युवाओं के मुद्दे पर केंद्र व उत्तराखंड की धामी सरकार को घेरा।
हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी में आयोजित 'विजय शंखनाद रैली' को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी और RSS पर जोरदार सियासी हमला बोला। खड़गे ने देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर उत्तराखंड के भ्रष्टाचार और युवाओं के मुद्दे पर केंद्र व राज्य सरकार को जमकर घेरा।
आजादी के इतिहास पर उठाया सवाल
जनसभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने सीधे तौर पर आरएसएस और भाजपा की राष्ट्रभक्ति पर सवाल खड़े किए। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, "आरएसएस और बीजेपी का कोई एक ऐसा नेता बताओ जो देश की आजादी के लिए जेल गया हो? उस समय इनके नेता अंग्रेजों के चरणों में बैठे हुए थे।" खड़गे ने कहा कि देश को आजाद कराने का गौरवशाली इतिहास सिर्फ कांग्रेस के पास है।
'संविधान से खिलवाड़ कर रही है BJP'
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज देश का संविधान खतरे में है। राहुल गांधी ने इसी संविधान को बचाने के लिए पूरे देश में कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अभी भी संविधान के साथ खिलवाड़ करने की साजिशों में लगी हुई है। उत्तराखंड सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप और 'वॉशिंग मशीन' का तंज, उत्तराखंड की धामी सरकार पर निशाना साधते हुए खड़गे ने इसे पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त सरकार बताया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के पास एक 'वॉशिंग मशीन' है, जो भ्रष्ट लोगों को धोकर साफ कर देती है और फिर पार्टी उन्हें गले लगा लेती है। इसी तरह भ्रष्टाचारी लोगों को भाजपा ने अपनी पार्टी में भर लिया है।
युवाओं को पारदर्शी नौकरी का वादा
खड़गे ने युवाओं के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अपने हक के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों को पैलेट गन और कीलें लगी लाठियों से पीटा गया। उन्होंने जनता से वादा किया कि अगर कांग्रेस की सरकार आती है, तो बिना किसी सिफारिश और भ्रष्टाचार के, पूरी तरह पारदर्शी नीति अपनाते हुए मेरिट के आधार पर नौकरियां दी जाएंगी।
मंदिरों के चंदे को लेकर लगाया बड़ा आरोप
अपने संबोधन के अंत में खड़गे ने धार्मिक आस्था के केंद्रों का जिक्र करते हुए भी भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। बद्रीनाथ, केदारनाथ और अयोध्या के राम मंदिर का हवाला देते हुए उन्होंने भाजपा नेताओं को 'चंदा चोरी' और लूट करने वाला करार दिया। खड़गे की इस जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी, जिससे स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
ये भी पढ़ें - उत्तराखंड में जमीन के लिए ऋषभ पंत ने मांगी मदद, CM धामी बोले- अधिकारी जल्द करेंगे संपर्क
