Bahraich News: नानपारा में पुलिस मुठभेड़ में विद्युत तार चोर गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बहराइच के नानपारा में पुलिस और स्वाट टीम की विद्युत तार चोर गिरोह से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हुआ, जबकि चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चोरी के विद्युत तार, तमंचा, कारतूस और वाहन बरामद किया।

बहराइच। नानपारा पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार देर रात विद्युत तार चोरी करने वाले गिरोह के साथ मुठभेड़ हो गई। हाड़ा बसेड़ी के पास सरयू नहर पटरी पर हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं मौके से गिरोह के चार अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

बिजली के तार चोरी के मामले में गठित हुई थी टीम

हाल ही में नानपारा थाना क्षेत्र में बिजली के तार चोरी होने का मामला सामने आया था। इस संबंध में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में स्वाट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी। शनिवार देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हाड़ा बसेड़ी के पास सरयू नहर पटरी पर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।

एक बदमाश के खिलाफ पहले से कई मुकदमे

मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान बाराबंकी जिले के सिद्धवाह निवासी कदीर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ हत्या और गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। मौके से गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान सीतापुर जिले के रेउसा क्षेत्र निवासी कृष्ण कुमार गुप्ता, कुलदीप कुमार गुप्ता, हरेन्द्र गुप्ता और उदयराज चौहान के रूप में हुई है। पुलिस एक फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

10 बंडल चोरी का तार और तमंचा बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 बंडल चोरी का विद्युत तार, एक अवैध तमंचा, कारतूस, मारुति ईको वैन और तार काटने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस बरामद सामान के आधार पर गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं की भी जांच कर रही है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने उच्च अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़े : 
Sultanpur Crime: 48 लाख की जमीन बनी हत्या की वजह, साले ने दोस्तों संग मिलकर बहनोई को उतारा मौत के घाट

संबंधित समाचार