Sultanpur Crime: 48 लाख की जमीन बनी हत्या की वजह, साले ने दोस्तों संग मिलकर बहनोई को उतारा मौत के घाट

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

सुलतानपुर में 48 लाख रुपये की जमीन के सौदे को लेकर मोहम्मद शाकिब की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक के साले समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या के बाद शव तालाब में फेंक दिया गया।

सुलतानपुर, अमृत विचार। कोतवाली नगर क्षेत्र के लोलेपुर चौहानी के पास जल जीवन मिशन के तालाब में दो अगस्त को मिले 25 वर्षीय मोहम्मद शाकिब के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक हाईवे किनारे स्थित पांच विश्वा जमीन के 48 लाख रुपये के सौदे को लेकर शाकिब की हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने मृतक के साले समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जमीन बेचने का सौदा बना हत्या की वजह

गोसाईगंज थाना क्षेत्र के फरीदीपुर निवासी शाकिब पुत्र सहबान अपने ननिहाल लोलेपुर चौहानी में रहता था। उसकी नानी ने उसे पक्का मकान और हाईवे किनारे पांच विश्वा जमीन दी थी। शाकिब ने इस जमीन को 48 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया था। सौदे के तहत उसे दो लाख रुपये एडवांस मिले थे, जिसके बाद उसने नया बैंक खाता खुलवाया था। इस खाते में उसने अपने मामा के बेटे अदीब अनवर को नामिनी बनाया था।

पुलिस के अनुसार शाकिब के शराब पीने की जानकारी उसकी पत्नी शब्बो को थी। जब पत्नी को जमीन बेचने और दो लाख रुपये एडवांस मिलने की जानकारी हुई तो उसने यह बात अपने भाइयों को बताई। पुलिस का दावा है कि शाकिब के सालों को आशंका थी कि वह जमीन की रकम शराब में खर्च कर देगा। इसके बाद उन्होंने उसकी हत्या की साजिश रची।

साले ने दोस्तों के साथ मिलकर रची साजिश

पुलिस के मुताबिक शाकिब के साले सलमानुल हक उर्फ सलमान ने अपने दोस्त मोहम्मद जिशान, मोहम्मद हुसैन और शाकिब के दोस्त सलमान अहमद के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। सलमान शाकिब को अपने साथ ले गया और उसे शराब पिलाने के बाद गांव से बाहर ले आया। बाग में पहले से मौजूद तीन अन्य आरोपियों ने कथित तौर पर दुपट्टे से गला घोंटकर शाकिब की हत्या कर दी। इसके बाद शव को जल जीवन मिशन के तालाब में फेंक दिया गया।

चारों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने चारों आरोपियों को लोलेपुर चौहानी से बाईपास जाने वाली सड़क से गिरफ्तार किया। मामले की कार्रवाई करने वाली टीम में कोतवाली नगर प्रभारी सुरेश नारायण मिश्रा, उपनिरीक्षक अविनाश चंद्र, उपनिरीक्षक अरविंद सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने घटना के सफल अनावरण पर पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस ने मृतक की पत्नी शब्बो के बारे में भी स्पष्ट किया है कि वह प्रत्यक्ष रूप से हत्या में शामिल नहीं थी।


ये भी पढ़े : 
Auraiya News: सड़क पर अचानक गौवंश के आने से बिगड़ा बैलेंस, दो डीसीएम की भीषण भिड़ंत से चालक की मौत

संबंधित समाचार