चित्रकूट : पागल कुत्ते के हमले में घायल इकलौते मासूम की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

स्कूल में मिड-डे मील खाते समय कुत्ते ने काटा था

18 दिन जिंदगी-मौत के संघर्ष के बाद थमीं बच्चे की सांसें 

मऊ/बरगढ़ (चित्रकूट), अमृत विचार : मऊ तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत बोझ के मजरे भटगवां के प्राथमिक विद्यालय में 15 जुलाई को मिड-डे मील के दौरान पागल कुत्ते के काटने से घायल सात वर्षीय छात्र श्याम की रविवार को मौत हो गई। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता और परिवारीजन बदहवास हो गए।  

प्राथमिक विद्यालय भटगवां का छात्र श्याम (7) पुत्र भास्कर द्विवेदी और विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र की छात्रा जाह्नवी (5) पुत्री मोहनलाल 15 जुलाई की दोपहर में भोजन कर रहे थे। इसी दौरान एक पागल कुत्ता विद्यालय परिसर में घुस आया और दोनों बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में श्याम के गले तथा जाह्नवी के कान में गंभीर चोटें आई थीं। दोनों बच्चों को तत्काल मऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था।

वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रिफर कर दिया था। परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर उपचार के दौरान श्याम की मौत हो गई। उनका कहना है कि बच्चे को अब तक रेबीज़ के तीन इंजेक्शन ही लग पाए थे। वहीं दूसरी ओर घायल जाह्नवी का उपचार जारी है और उसकी हालत में सुधार है। श्याम की मौत के बाद मां मंजू, पिता और बहन सहित अन्य परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दंपती के एक पुत्री है। श्याम इकलौता पुत्र था। गांव में घटना को लेकर शोक का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग से इस संबंध में कोई बात नहीं हो सकी।

ये भी पढ़ें : Raebareli News: गणेशगंज बाईपास की झाड़ियों में मिला युवक का शव, पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप; चार के खिलाफ केस दर्ज

संबंधित समाचार