Raebareli News: गणेशगंज बाईपास की झाड़ियों में मिला युवक का शव, पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप; चार के खिलाफ केस दर्ज
रायबरेली के गणेशगंज बाईपास पर झाड़ियों में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पत्नी ने पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमृत विचार, रायबरेली। जिले के गणेशगंज बाईपास पर झाड़ियों में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रग्घूपुर गांव निवासी शिवकेश उर्फ गुड्डन पासी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्नी का आरोप- 'जो कहते थे तुम्हारी लाश मिलेगी, उन्होंने ही मार डाला'
मृतक की पत्नी सुमन ने कोतवाली में तहरीर देकर गांव के कुछ लोगों पर पति की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपियों की शिवकेश से पुरानी रंजिश थी और वे अक्सर जान से मारने की धमकी देते हुए कहते थे, "तुम्हारी लाश ही मिलेगी।" पीड़िता का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने शिवकेश की हत्या कर शव को गणेशगंज बाईपास के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।
मजदूरी पर निकले थे, रात में मिली मौत की खबर
परिजनों के मुताबिक, 1 अगस्त की सुबह शिवकेश रोज की तरह दिहाड़ी मजदूरी के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। पत्नी ने कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन लगातार काट दिया गया। कुछ समय बाद झाड़ियों में शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा
कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर और प्रारंभिक जांच के आधार पर रमेश, कल्लू, हरी और धर्मेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
शव मिलने के बाद परिजनों का हंगामा
शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों ने मौके पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी यदुवेंद्र पाल, नायब तहसीलदार सुजीत कुमार और प्रभारी निरीक्षक ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
