VIDEO: देखिए कैसे 20 फीट का विशालकाय अजगर जिंदा हिरण को निगल रहा था, ग्रामीणों के पहुंचते ही जंगल की ओर भागा

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

बाराबंकी, अमृत विचार : बाराबंकी जिले के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव के बाहर स्थित जंगलों में रविवार दोपहर एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने ग्रामीणों को दहला दिया।

खेतों की ओर जा रहे लोगों ने देखा कि करीब 20 फीट लंबा विशालकाय अजगर एक बड़े हिरण को अपनी मजबूत कुंडली में जकड़े हुए था और उसे मुंह की तरफ से जिंदा निगलने की कोशिश कर रहा था। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अजगर हिरण को पूरी तरह अपने कब्जे में लिए दिखाई दे रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झाड़ियों में हलचल होने पर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो विशालकाय अजगर को देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने शोर-शराबा और हो-हल्ला किया, जिसके बाद अजगर हिरण को छोड़कर पास के जंगल की ओर सरक गया। हालांकि, तब तक अजगर की जकड़ और मुंह की तरफ से निगले जाने के कारण हिरण की दम घुटने से मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद पूरे मुबारकपुर गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल आबादी के काफी करीब है, जिससे बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। एहतियात के तौर पर गांव के कुछ युवा लाठी-डंडों के साथ आसपास के इलाके में निगरानी कर रहे हैं, ताकि अजगर दोबारा आबादी की ओर न आ सके।

इस घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा वन विभाग पर भी फूट पड़ा। उनका आरोप है कि सूचना देने के घंटों बाद भी विभाग की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अक्सर जंगली जानवरों की मौजूदगी रहती है, लेकिन शिकायतों के बावजूद वन विभाग समय पर कार्रवाई नहीं करता। लोगों ने मांग की है कि वन विभाग तत्काल इलाके में अभियान चलाकर अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू करे और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करे।

ये भी पढ़ें :  यूपी : लखनऊ में कल से बदला रहेगा ट्रैफिक, विधानसभा मानसून सत्र के चलते इन रास्तों पर डायवर्जन लागू, घर से निकलने से पहले पढ़ें अपडेट

संबंधित समाचार