Lucknow Football League: फाल्कन क्लब की धमाकेदार जीत, आरए ब्वॉयज को 4-0 से हराया

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ। लखनऊ जिला फुटबॉल लीग में फाल्कन क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आरए ब्वॉयज क्लब को 4-0 से करारी शिकस्त दी। चौक स्टेडियम में रविवार को खेले गए मुकाबलों में फाल्कन क्लब के अलावा टीएफए (ए) ने भी जीत दर्ज कर लीग में अपनी स्थिति मजबूत की। मुकाबलों के दौरान भारतीय फुटबॉल टीम के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आकाश मिश्रा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया।

फाल्कन क्लब ने पहले हाफ में ही तय कर दी जीत

पहले मुकाबले में फाल्कन क्लब ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। तेज काउंटर अटैक के दम पर टीम ने आरए ब्वॉयज क्लब पर दबाव बनाए रखा।फाल्कन की ओर से अमन ने 22वें मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद महज दो मिनट बाद संजय ने शानदार फिनिशिंग करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद भी फाल्कन का हमला जारी रहा। देवेश ने 28वें मिनट में तीसरा गोल किया, जबकि निशंक ने 35वें मिनट में गोल दागकर टीम की 4-0 की जीत पक्की कर दी।

टीएफए (ए) ने मिलानी क्लब को 4-2 से हराया

दिन के दूसरे मुकाबले में टीएफए (ए) ने रोमांचक मुकाबले में मिलानी क्लब को 4-2 से मात दी। मिलानी क्लब ने मैच की शुरुआत शानदार तरीके से की और अनिकेत (6वें मिनट) तथा जिया (12वें मिनट) के गोल की बदौलत शुरुआती बढ़त बना ली। हालांकि इसके बाद टीएफए (ए) ने जबरदस्त वापसी की। टीएफए (ए) के अबुजर ने 38वें और 62वें मिनट में दो गोल कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं इशान ने 50वें मिनट और आदि ने 58वें मिनट में गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।

सोमवार को होंगे अगले मुकाबले

लखनऊ जिला फुटबॉल लीग के अगले मुकाबले सोमवार को खेले जाएंगे। पहला मैच टेक्ट्रो क्लब और बिग ब्लू क्लब के बीच होगा, जबकि दूसरे मुकाबले में आरबीआई क्लब और लखनऊ एरो क्लब आमने-सामने होंगे।

ये भी पढ़ें : 
CWG 2026 : 11 वेटलिफ्टर्स के साथ ग्लास्गो में उतरेगा भारत, मीराबाई चानू से हैट्रिक गोल्ड की उम्मीद

संबंधित समाचार