Raebareli News : फंदे से लटका मिला विवाहिता की मौत, पति समेत पांच पर दहेज हत्या का केस
महराजगंज क्षेत्र के मकरंदपुर गांव में विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया, पुलिस ने पति समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
रायबरेली। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के मकरंदपुर मजरे जमुरावा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। विवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति, सास, ससुर और दो ननदों के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, चंदापुर थाना क्षेत्र के देवरी मजरे ओया गांव निवासी श्री की पुत्री मनीषा की शादी करीब तीन वर्ष पहले मकरंदपुर मजरे जमुरावा निवासी राजबहादुर के साथ हुई थी। राजबहादुर दिल्ली में नौकरी करता है, जबकि मनीषा गांव में अपने सास-ससुर के साथ रहती थी। उसकी दोनों ननदें शादीशुदा हैं और अपने-अपने ससुराल में रहती हैं।
कमरे में मिला विवाहिता का शव
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को राजबहादुर के दादा का तेरहवीं संस्कार था, जिसमें वह और उसकी बहनें गांव आए हुए थे। रविवार को राजबहादुर को वापस दिल्ली जाना था। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर बैठे थे, जबकि मनीषा अपने कमरे में थी। कुछ देर बाद जब परिजन कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो मनीषा साड़ी के सहारे कमरे में लगे लोहे के छल्ले से लटकी हुई थी।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और जांच शुरू की। वहीं, मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया।
पति समेत पांच लोगों पर केस दर्ज
मृतका के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने पति राजबहादुर, ससुर रामदेव, सास और दो ननदों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
