अधूरा कोर्स या दसवीं बोर्ड परीक्षा... कानपुर में हाईस्कूल के छात्र ने क्यों की आत्महत्या?
स्कूल जाने से किया था मना, कहा था- घर पर रहकर पूरा करूंगा अधूरा कोर्स
कानपुर के कल्याणपुर में कक्षा 10 के 15 वर्षीय छात्र ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सुबह उसने पिता से स्कूल नहीं जाने और घर पर रहकर अधूरा कोर्स पूरा करने की बात कही थी। दोपहर में मां ने कमरे में उसका शव देखा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कानपुर, अमृत विचार। अधूरे कोर्स और दसवीं की बोर्ड परीक्षा के दबाव के बीच 15 वर्षीय छात्र ने फंदे से लटककर जान दे दी। शनिवार को छात्र ने पिता से स्कूल जाने से मना किया था। उसने कहा था कि वह घर पर रहकर अपना अधूरा कोर्स पूरा करेगा। दोपहर में मां उसे कमरे में बुलाने पहुंचीं तो लोहे की रॉड से फंदे के सहारे उसका शव लटका मिला। बेटे को इस हालत में देखकर मां की चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
स्कूल जाने से किया था मना
मूलरूप से हरियाणा के रोहतक निवासी सचिन राठी एक कंपनी में डीजीएम हैं। वह पत्नी रीना, छोटे बेटे रेयांश और 15 वर्षीय अर्जुन के साथ कल्याणपुर में रहते हैं। अर्जुन कल्याणपुर स्थित एक पब्लिक स्कूल में कक्षा 10 का छात्र था। शनिवार सुबह उसने पिता से कहा था कि वह आज स्कूल नहीं जाएगा। घर पर रहकर अधूरा कोर्स पूरा करेगा। इसके बाद सचिन करीब 10 बजे ऑफिस चले गए।
कमरे में पढ़ रहा था छात्र
पिता के ऑफिस जाने के बाद अर्जुन अपने कमरे में पढ़ाई कर रहा था। दोपहर करीब तीन बजे उसकी मां और छोटा भाई नीचे के कमरे में थे। कुछ देर बाद मां अर्जुन को बुलाने के लिए ऊपर कमरे में गईं। दरवाजा खोलते ही उन्होंने बेटे को लोहे की रॉड से फंदे के सहारे लटका देखा। यह देखकर वह चीख पड़ीं।
परिजन अस्पताल ले गए
मां की चीख सुनकर फ्लैट में रहने वाले लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों की मदद से छात्र को फंदे से नीचे उतारा गया और तत्काल रिजेंसी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पिता सचिन भी घर पहुंचे और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना पर कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पढ़ाई के दबाव में छात्र के आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है। परिजनों की ओर से कोई आरोप या तहरीर मिलने पर आगे की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:- चित्रकूट : पागल कुत्ते के हमले में घायल इकलौते मासूम की मौत
