Pilibhit News : तिरंगे के रंग में रंगा शहर, देशभक्ति के नारों की रही गूंज

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत में 'हर घर तिरंगा' रैली का शानदार आयोजन, डीएम और एसपी ने किया नेतृत्व

पीलीभीत में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत विशाल रैली निकाली गई। डीएम और एसपी के नेतृत्व में सड़कों पर देशभक्ति का भारी जोश दिखाई दिया।

पीलीभीत, अमृत विचार। हाथों में लहराता तिरंगा और गूंजते देशभक्ति के नारे... शनिवार को गांधी स्टेडियम से निकली हर घर तिरंगा रैली ने शहर में राष्ट्रप्रेम का जोश भर दिया। छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं और एनसीसी कैडेट्स तिरंगा लेकर रैली में शामिल हुए। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह और एसपी सुकीर्ति माधव ने हाथ में तिरंगा थामकर रैली का नेतृत्व किया। रैली जिस रास्ते से गुजरी, वहां देशभक्ति के नारों से माहौल गूंजता रहा।

रैली की शुरुआत  वंदे मातरम् के साथ गांधी स्टेडियम से हुई। यहां से रैली गौहनिया चौराहा होते हुए ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज पहुंची। विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने अनुशासन के साथ तिरंगा लेकर कदमताल की। राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। मिशन शक्ति टीम ने भी सक्रिय सहभागिता की। टीम ने महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति लोगों को जागरूक किया।  रैली में वीरांगना अवंतीबाई, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज, एसएन इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, लिटिल एंजिल्स, चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, हाफिज रहमत खां इंटर कॉलेज समेत कई शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। डीएम एसपी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने रैली में युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की। जनपदवासियों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्यारेलाल मौर्य, सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - Pilibhit News : अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम

संबंधित समाचार