Shravasti News: बैंक से पैसा निकालने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पानी टंकी के पास मिला शव
शनिवार को कटरा के इंडियन बैंक जाने के बाद घर नहीं लौटा था 32 वर्षीय कप्तान शुक्ला; रात 11:30 बजे गांव के बाहर पानी टंकी के पास मिला, अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित किया
इकौना(श्रावस्ती), अमृत विचार: कटरा बैंक से शनिवार को पैसा निकालने गया युवक देर रात गांव स्थित पानी टंकी के निकट बेहोश मिला। परिजन उसे सीएचसी इकौना लाये, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नवीन मार्डन थाना कटरा के ग्राम बेलहाराघव के मजरा बंजरहा निवासी कप्तान शुक्ला (32) पुत्र संतराम शुक्ला शनिवार को घर से कटरा स्थित इंडियन बैंक से पैसा निकालने गया था। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिवार के लोगों ने तलाश शुरू की तो पता चला कि रात 8:30 बजे वह थाना क्षेत्र के ग्राम पटना कोठार में देखे गये थे। इसके बाद जब परिजन बंजरहा गांव लौटे तो गांव के बाहर स्थित पानी टंकी के निकट रात करीब 11:30 बजे कप्तान बेहोश मिले। वहीं उनकी बाइक 300 मीटर दूर पड़ी मिली। परिजन आनन फानन में उन्हें सीएचसी इकौना लाये, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ेंः श्रावस्ती में PWD कर्मचारी की अचानक मौत, ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत; पोस्टमार्टम के बिना शव ले गए परिजन
