Balrampur News : मेमोरियल अस्पताल बनेगा जिले का मॉडल अस्पताल, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश, ब्रजेश पाठक ने किया अस्पताल का निरीक्षण
सर्पदंश के इलाज के लिए एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता हो सुनिश्चित : पाठक
बलरामपुर जिला अस्पताल के निरीक्षण में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एंटी स्नेक वेनम, एंटी रेबीज वैक्सीन और एंबुलेंस रिस्पांस टाइम को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।
बलरामपुर, अमृत विचार। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को जिला मेमोरियल चिकित्सालय का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, इमरजेंसी, ओपीडी, नेत्र शल्य कक्ष, टेलीमेडिसिन कक्ष और प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का जायजा लिया। मरीजों से संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय परामर्श और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला मेमोरियल चिकित्सालय को जनपद के मॉडल अस्पताल के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। अस्पताल में स्वच्छता, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर मरीजों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने तथा टेलीमेडिसिन सेवा का अधिक से अधिक लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने को कहा।

सर्पदंश के इलाज के लिए एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता हो सुनिश्चित
उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान बरसात के मौसम में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सभी संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही एंटी रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी पीएचसी पर चिकित्सकों की तैनाती और सब सेंटरों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एम्बुलेंस का रिस्पांस टाइम और कम करने के निर्देश
ब्रजेश पाठक ने एम्बुलेंस सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में मरीज को तत्काल उपचार मिलना जरूरी है। इसके लिए एम्बुलेंस का रिस्पांस टाइम और कम करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।
अस्पताल में कबाड़ और पुराने वाहनों की होगी नीलामी
उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में लंबे समय से पड़े पुराने एवं निष्प्रयोज्य वाहनों तथा कबाड़ को नियमानुसार हटाने और नीलामी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में कहीं भी टूटा-फूटा सामान, बिखरे विद्युत तार या अव्यवस्थित सामग्री नजर नहीं आनी चाहिए। बरसात के बाद विशेष मेंटेनेंस अभियान चलाकर भवन और परिसर को दुरुस्त कराया जाए।
दो क्षय रोगियों को दी पोषण पोटली, किया पौधरोपण
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने दो क्षय रोगियों को पोषण पोटली प्रदान की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। बाद में उन्होंने जिला चिकित्सालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, निवर्तमान विधायक शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश कुमार रस्तोगी , अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
