Rampur News : सावन के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी भीड़, सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर रूट डायवर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सोमवार को प्रात: 4:30 बजे खोल दिए गए मंदिरों के कपाट, मंदिरों के बाहर तड़के से लग गईं शिव भक्तों की कतारें

सावन के प्रथम सोमवार पर रामपुर के भमरौआ, पातालेश्वर रठौंडा और अन्य शिव मंदिरों में 'हर-हर महादेव' के जयकारों के साथ जलाभिषेक हुआ। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू की है।

रामपुर, अमृत विचार। सावन मास के प्रथम सोमवार को शिवालयों में शिव भक्तों ने जयकारों के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक किया। प्रात: 4:30 बजे शिवालयों के कपाट खोल दिए गए। हालांकि, इससे पहले मंदिरों के बाहर भक्तों की कतारें लग गईं थीं। मंदिरों में सुबह 10 बजे श्रृंगार आरती हुई। हरिद्वार और बृजघाट से गंगाजल लेकर आए कांवड़ियों ने पातालेश्वर रठौंडा मंदिर, भमरौआ मंदिर, ओम नागेश्वर मंदिर पंजाबनगर, लक्खी बाग शिव मंदिर के अलावा अपने-अपने गांवों के शिवालयों में भी भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया।

शिवालयों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों के बीच शिव भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिरों के बाहर तड़के से ही शिव भक्तों की कतारें लग गई थीं। मंदिरों के कपाट खुलने के बाद शिव भक्तों ने मंदिरों में पहुंचकर जलाभिषेक किया। अधिकांश कांवड़िये देर रात को शिवालयों में पहुंच गए थे लेकिन, सोमवार की सुबह भी कांवड़िये कांवड़ में जल लेकर शिवालयों की ओर बम-बम भोले के जयकारों के साथ बढ़ते रहे। इसके अलावा कांवड़ियों के जत्थों के साथ पिकअप में लगे डीजे पर भोले के भजन बजते रहे और पूरा माहौल शिवमयी हो गया। इसके अलावा शिव भक्त डाक कांवड़ भी लाते रहे। जिसमें दौड़कर मंजिल तक पहुंचना होता है। 

शिवालयों के आसपास लगे हैं मेले
सावन के प्रथम सोमवार को शिवालयों के आसपास मेले भी लगे हैं। जिसमें बच्चों के झूलने के लिए झूले और चाट पकौड़ी की दुकानें लगी हैं। मेले में सुबह से ही भीड़ हो गई और लोगों ने गन्ने का जूस, पानी, पूरी, टिक्की बताशे खूब खाए। मेले में शिव भक्तों की काफी भीड़ रही। 

हाईवे पर रूट रहा डायवर्ट 
पुलिस अधीक्षक अनिल सिसोदिया और अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने कांवड़ रूट एवं डायवर्जन व्यवस्था का सोमवार की सुबह को जायजा लिया। सम्बंधितों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए कहा कि रूट पर किसी भी वाहन को पास हीं होने दिया जाए। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोमवार रात 8 बजे से रूट डायवर्जन को खत्म करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर जिले के तमाम शिव मंदिरों के आसपास पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है। 

ये भी पढ़ें - Sawan Somwar 2026: आज सावन का पहला सोमवार, मंदिरों में गूंज रहे जयकारे, 4 हजार रुपए में करें जल्द दर्शन

संबंधित समाचार