Kanpur News: प्रेमिका ने किया ब्लॉक तो युवक ने दी जान, सात दिन इलाज के बाद मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Ankit Yadav
On

प्रेमिका से अनबन के बाद युवक ने कीटनाशक खा लिया, हैलट में सात दिन चला इलाज

कानपुर के सेन पश्चिम पारा में प्रेमिका द्वारा ब्लॉक किए जाने के बाद बीबीए छात्र ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे हैलट में भर्ती कराया गया, जहां करीब सात दिन इलाज के बाद रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।

कानपुर, अमृत विचार। सेन पश्चिम पारा में प्रेमिका के ब्लॉक करने से आहत बीबीए के छात्र ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने हैलट रेफर कर दिया। करीब सात दिन तक चले इलाज के बाद रविवार सुबह युवक की मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

कॉलेज की छात्रा से था प्रेम संबंध

गोपाल नगर निवासी पवन शर्मा किराना का काम करते हैं। परिवार में पत्नी आरती, बेटा अध्ययन और बेटी प्रार्थना है। अध्ययन बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसके साथ ही उसके मौसा का बेटा कुमार संभव भी पढ़ाई करता है। पिता के मुताबिक, कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा से अध्ययन के प्रेम संबंध थे।

अनबन के बाद किया ब्लॉक

परिजनों के मुताबिक, बीते शनिवार किसी बात को लेकर अध्ययन और युवती के बीच अनबन हो गई थी। इसके बाद युवती ने अध्ययन को मोबाइल पर ब्लॉक कर दिया। अध्ययन ने यह बात अपने साथ पढ़ने वाले कुमार संभव को बताई। उसने युवती से फोन और मैसेज के जरिए संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए

परिजनों का कहना है कि युवती की ओर से जवाब नहीं मिलने से अध्ययन काफी परेशान था। सोमवार देर रात उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ने और उल्टियां होने पर उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन उसे पास के निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हैलट रेफर कर दिया।

सात दिन बाद इलाज के दौरान मौत

परिजनों के मुताबिक, हैलट में करीब सात दिन तक अध्ययन का इलाज चला। रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस को नहीं मिली तहरीर

थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की मौत के मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:- अधूरा कोर्स या दसवीं बोर्ड परीक्षा... कानपुर में हाईस्कूल के छात्र ने क्यों की आत्महत्या?

संबंधित समाचार