उत्तराखंड में जमीन के लिए ऋषभ पंत ने मांगी मदद, CM धामी बोले- अधिकारी जल्द करेंगे संपर्क

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

क्रिकेटर ऋषभ पंत उत्तराखंड में जमीन खरीदकर अपने गृह राज्य लौटना चाहते हैं। उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी, जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देकर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

देहरादून। भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत उत्तराखंड में जमीन खरीदकर अपने गृह राज्य लौटना चाहते हैं। जमीन खरीदने की प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों को लेकर पंत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की अपील की है। मुख्यमंत्री ने उनकी मांग पर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। सीएम धामी ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि ऋषभ पंत उत्तराखंड का गौरव हैं और उन्होंने अपने शानदार खेल व उपलब्धियों से देश-दुनिया में राज्य का नाम रोशन किया है।

‘मातृभूमि के प्रति आपका प्रेम सराहनीय’

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पंत का अपनी मातृभूमि के प्रति प्रेम और उत्तराखंड लौटकर प्रदेश के लिए योगदान देने की भावना सराहनीय है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि अधिकारी जल्द ही ऋषभ पंत से संपर्क करेंगे और नियमानुसार उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

तीन साल से जमीन की तलाश में हैं पंत

इससे पहले ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री को अपनी परेशानी बताई थी। पंत ने कहा कि वह उत्तराखंड से हैं और अपने राज्य से उनका गहरा लगाव है। वह दिल्ली से वापस अपने गृह राज्य लौटना चाहते हैं। क्रिकेटर ने बताया कि वह पिछले तीन साल से उत्तराखंड में जमीन खरीदने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें उपयुक्त जमीन नहीं मिल सकी है।

‘अपने पहाड़ी लोगों के बीच लौटना चाहता हूं’

ऋषभ पंत ने कहा कि वह अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस आना चाहते हैं और उत्तराखंड के विकास में अपना योगदान देना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने राज्य में जमीन खरीदने की प्रक्रिया को कठिन बताया और मुख्यमंत्री से इसमें सहयोग की अपील की।

रुड़की के रहने वाले हैं ऋषभ पंत

ऋषभ पंत मूल रूप से उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की के रहने वाले हैं। क्रिकेट में अपनी शानदार उपलब्धियों के चलते वह राज्य के प्रमुख खेल सितारों में शामिल हैं। अब मुख्यमंत्री की ओर से मदद का भरोसा मिलने के बाद पंत के उत्तराखंड में जमीन खरीदने और यहां बसने की योजना को आगे बढ़ने की उम्मीद है।

ये भी पढ़े : 
मेरठ पहुंचे सीएम योगी, श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा

 

संबंधित समाचार