Pilibhit News : अग्रसेन जयंती पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, शुरू होगी अग्रवाल रसोई.. नवनिर्वाचित कमेटी ने संभाला कार्यभार

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत में अग्रसेन जयंती की तैयारियां तेज, न्यूनतम टोकन पर मिलेगा 'अग्रवाल रसोई' का भोजन

पीलीभीत श्रीअग्रवाल सभा की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। अध्यक्ष राजीव अग्रवाल के नेतृत्व में कमेटी ने अग्रसेन जयंती पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकालने, मतदाता सूची अपडेट करने और अग्रवाल रसोई संचालित करने का फैसला किया है।

पीलीभीत, अमृत विचार। श्रीअग्रवाल सभा की नवनिर्वाचित कमेटी ने कार्यभार संभालते ही समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। शुक्रवार देर रात अग्रवाल सभा भवन में हुए शपथ ग्रहण एवं कार्यभार हस्तांतरण समारोह में महाराजा अग्रसेन जयंती पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकालने, समाज के सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और अग्रवाल सभा भवन में अग्रवाल रसोई शुरू करने का निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और महाराजा अग्रसेन की पूजा-अर्चना से हुई। चुनाव संचालन समिति के मुख्य चुनाव अधिकारी दीपक अग्रवाल, डॉ. प्रदीप अग्रवाल, संजय अग्रवाल सीए, रजत अग्रवाल सीए, विनीत अग्रवाल पिंकू , प्रदीप पेशकार और दिलीप अग्रवाल को दुशाला पहनाकर सम्मानित किया गया। राहुल अग्रवाल एडवोकेट ने पिछले कार्यकाल के कार्यों और संस्था के लेखा-जोखा की रिपोर्ट प्रस्तुत की। कोषाध्यक्ष विकास अग्रवाल ने रजिस्टर, चेकबुक समेत अन्य जरूरी दस्तावेज नई कमेटी को सौंपे। मुख्य चुनाव अधिकारी दीपक अग्रवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजीव अग्रवाल टीटी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष नीरज अग्रवाल उर्फ सोनू महातिया, सचिव राजेश अग्रवाल बिछले समेत अन्य पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई।

नई कमेटी ने तय किया कि पूर्व की परंपरा के अनुसार इस बार भी शहर में महाराजा अग्रसेन जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। अग्रवाल समाज के सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का भी फैसला लिया गया। कमेटी का प्रयास रहेगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे। अग्रवाल सभा भवन में समाज की सहमति से अग्रवाल रसोई संचालित करने का भी निर्णय लिया गया। रसोई में न्यूनतम टोकन धनराशि पर लोगों को भोजन उपलब्ध कराने की योजना है। रसोई के संचालन में आने वाले खर्च को अग्रवाल समाज के बंधु स्वेच्छा से वहन करेंगे।   इस दौरान रवि अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, अश्वनी, उमेश, ज्ञानेंद्र, कुमकुम अग्रवाल, दीपा अग्रवाल, नीलम अग्रवाल, अक्षिता अग्रवाल, आकांक्षा अग्रवाल, रितिका अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

सबसे ज्यादा वोट लेकर जीते सोनू महातिया
श्रीअग्रवाल सभा के उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित नीरज अग्रवाल उर्फ सोनू महातिया को 1067 वोट मिले, जो कुल मतदान का 69.02 प्रतिशत है। वह नगर पालिका परिषद पीलीभीत के भाजपा से निर्वाचित सभासद रह चुके हैं। वर्तमान में बर्तन विक्रेता संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष हैं। उनके पिता हरीशंकर महातिया बर्तन वाले मरौरी ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख और गांव के ग्राम प्रधान रह चुके हैं। नीरज अग्रवाल की जेपी रोड स्थित मुख्य बाजार में बर्तन की दुकान है।

ये भी पढ़ें - Pilibhit News : अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम

संबंधित समाचार