हल्द्वानी में खड़गे का BJP-RSS पर हमला, बोले- ‘देशभक्ति हमें मत सिखाइए, अंग्रेजों के शरण में गए’

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

‘RSS का कोई आदमी आजादी के लिए जेल गया है?’

हल्द्वानी की रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा और RSS पर स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा पर कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ाने का तंज कसा और कहा कि कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता किसी से डरने वाले नहीं हैं।

हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और RSS ने देश की आजादी और स्वतंत्रता आंदोलन में कोई योगदान नहीं दिया।

‘RSS का कोई आदमी आजादी के लिए जेल गया है?’

मल्लिकार्जुन खड़गे ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या RSS का कोई व्यक्ति देश की आजादी के लिए जेल गया था। उन्होंने भाजपा को लेकर भी इसी तरह का सवाल उठाया। खड़गे ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति आजादी के आंदोलन में शामिल भी हुआ होगा तो वह कांग्रेस में रहते हुए बाद में दूसरी तरफ चला गया होगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा के किसी व्यक्ति ने स्वतंत्रता आंदोलन में भाग नहीं लिया और कहा कि यह उनका इतिहास है, फिर भी कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ाया जाता है।

‘असली देशभक्ति तो हम हैं’

रैली में खड़गे ने भाजपा और RSS पर निशाना साधते हुए कहा, “असली देशभक्ति तो हम हैं, तुम सब भगौड़े हो।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और RSS से जुड़े लोग अंग्रेजों के शरण में गए और उनके सामने झुके। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता किसी से डरने वाले नहीं हैं और उन्हें कोई डरा भी नहीं सकता।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भरा जोश

कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने संबोधन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से मजबूती से मैदान में डटे रहने का आह्वान किया। उन्होंने भाजपा और RSS की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को रेखांकित किया। खड़गे के इस बयान के बाद उत्तराखंड की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के बीच स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास और देशभक्ति को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें:-यूपी के युवाओं के लिए नई पहल : IAS-IPS-IFS अधिकारी हर माह स्कूलों में करेंगे संवाद, करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की देंगे जानकारी

संबंधित समाचार