Korea Open: कोरिया मास्टर्स सुपर 300 के फाइनल में पहुंचीं अश्मिता चालिहा, रक्षिता को हराकर रचा इतिहास
अश्मिता चालिहा ने Korea Masters Super 300 के सेमीफाइनल में हमवतन रक्षिता रामराज को 21-13, 16-21, 21-13 से हराकर पहली बार BWF World Tour के फाइनल में जगह बनाई। अब खिताब के लिए उनका सामना चीन की हान कियानक्सी से होगा।
दक्षिण कोरिया। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अश्मिता चालिहा ने शनिवार को कोरिया मास्टर्स सुपर 300 के महिला एकल के फाइनल में जगह बना ली है। आज यहां खेले गये रोमांचक सेमीफाइनल में चालिहा ने अपनी ही देश की खिलाड़ी रक्षिता रामराज को 21-13, 16-21, 21-13 से हरा कर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की। कड़े मुक़ाबले वाले दूसरे गेम में हारने के बाद चालिहा ने ज़बरदस्त वापसी की और निर्णायक गेम में अपना दबदबा बनाए रखा और जीत दर्ज की। अब अश्मिता खिताबी मुकाबले में चीन की हान कियानक्सी से भिड़ेंगी।
पहली बार बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल में पहुंचीं अश्मिता
अश्मिता चालिहा ने कोरिया मास्टर्स सुपर 300 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए हमवतन रक्षिता श्री संतोष रामराज को 21-13, 16-21, 21-13 से हराकर पहली बार बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल में प्रवेश कर लिया। तीन महीने चोट के कारण कोर्ट से बाहर रही 26 वर्ष की चालिहा मकाउ ओपन में सेमीफाइनल तक पहुंची थी। क्वार्टर फाइनल में दुनिया की 22वें नंबर की खिलाड़ी जापान की हिना अकेची को हराकर वह सेमीफाइनल में पहुंची थी। रक्षिता ने क्वार्टर फाइनल में तन्वी शर्मा को हराया था। विश्व रैंकिंग में 50वें स्थान पर काबिज चालिहा अब खिताब के लिए चीन की हान कियान शी से भिड़ेंगी। विश्व रैंकिंग में 35वें स्थान पर काबिज चौथी वरीयता प्राप्त कियान शी ने एक घंटे पांच मिनट तक चले दूसरे सेमीफाइनल में 22-20, 18-21, 21-14 से जीत हासिल की।
पहले गेम में अश्मिता ने बनाई बढ़त
चालिहा ने आक्रामक शुरुआत की और पहले ही गेम में 6-2 की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने लगातार पांच अंक हासिल कर 13-6 की बढ़त बना ली और फिर यह गेम अपने नाम करने में देर नहीं लगाई। रक्षिता ने हालांकि दूसरे गेम में बहुत अच्छी वापसी की। उन्होंने इस गेम में शुरू से लेकर आखिर तक बढ़त बनाए रखी और मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।
निर्णायक गेम में शानदार वापसी
चालिहा ने तीसरे गेम में शानदार शुरुआत की और अपने करारे स्मैश के दम पर जल्दी ही 9-1 की बढ़त बना ली। इस बीच रक्षिता ने कुछ गलतियां की जिसका चालिहा ने पूरा फायदा उठाया। हैदराबाद की रहने वाली रक्षिता ने स्कोर का अंतर 7-12 तक कर दिया, जिसके बाद चालिहा ने फिर से अपनी लय हासिल करके स्कोर 15-7 कर दिया। चालिहा ने इसके बाद नौ मैच प्वाइंट हासिल किए और दो मौके गंवाने के बाद मैच अपने नाम कर लिया। अब अश्मिता चालिहा की नजर कोरिया मास्टर्स सुपर 300 का खिताब अपने नाम करने पर होगी।
