बीडीएम बन दें करियर को नई उड़ान
आज के दौर में कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा केवल बेहतर प्रोडक्ट या सर्विस देने तक सीमित नहीं रह गई है। हर कंपनी नए ग्राहकों तक पहुंचने, बाजार का विस्तार करने और अपने कारोबार को लगातार बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर (बीडीएम) की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। यदि आपको लोगों से संवाद करना पसंद है, नए अवसर तलाशने में रुचि है और बिजनेस की रणनीतियों को समझने का शौक है, तो यह करियर आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। खास बात यह है कि आईटी, बैंकिंग, हेल्थकेयर, एडटेक, रियल एस्टेट और स्टार्टअप्स जैसे लगभग हर क्षेत्र में योग्य बिजनेस डेवलपमेंट प्रोफेशनल्स की मांग तेजी से बढ़ रही है।
क्या होता है बीडीएम का काम

बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर (बीडीएम) का प्रमुख उद्देश्य कंपनी के कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना होता है। यह पद केवल सेल्स तक सीमित नहीं है, बल्कि नए ग्राहकों की तलाश, बाजार की संभावनाओं का विश्लेषण, मजबूत व्यावसायिक संबंध बनाना और कंपनी के लिए नए बिजनेस अवसर तैयार करना भी इसकी जिम्मेदारी होती है। एक सफल बीडीएम कंपनी की सेवाओं या उत्पादों को सही ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए रणनीति तैयार करता है। वह संभावित क्लाइंट्स से मुलाकात करता है, उनकी जरूरतों को समझता है, प्रभावी प्रेजेंटेशन देता है और कंपनी के लिए लाभदायक साझेदारियां स्थापित करता है।
प्रमुख जिम्मेदारियां
बीडीएम की जिम्मेदारियां विविध होती हैं। इनमें प्रमुख रूप से नए ग्राहकों और बिजनेस अवसरों की पहचान करना, सेल्स बढ़ाने की रणनीति तैयार करना, क्लाइंट्स के साथ नियमित बैठकें करना, बाजार और प्रतिस्पर्धियों का विश्लेषण करना, कंपनी की आय बढ़ाने के लिए योजनाएं बनाना तथा टीम के साथ मिलकर तय किए गए बिजनेस लक्ष्यों को पूरा करना शामिल है। इसके अलावा पुराने ग्राहकों के साथ मजबूत संबंध बनाए रखना और नई डील्स को सफलतापूर्वक अंतिम रूप देना भी इस पद का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कैसे बनाएं इस क्षेत्र में करियर
इस क्षेत्र में प्रवेश के लिए किसी एक निश्चित शैक्षणिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं है, लेकिन बिजनेस और मैनेजमेंट से जुड़े कोर्स काफी मददगार साबित होते हैं। 12वीं के बाद BBA, B.Com, MBA, मार्केटिंग या मैनेजमेंट से जुड़े अन्य पाठ्यक्रम इस दिशा में मजबूत आधार प्रदान करते हैं। कई कंपनियां उम्मीदवार की डिग्री से अधिक उसकी स्किल्स और कार्यक्षमता को महत्व देती हैं। करियर की शुरुआत अधिकांश युवा बिजनेस डेवलपमेंट एक्जीक्यूटिव या सेल्स एग्जीक्यूटिव के रूप में करते हैं। यहां प्राप्त अनुभव आगे चलकर उन्हें मैनेजर और वरिष्ठ पदों तक पहुंचने में मदद करता है।
सफलता के लिए जरूरी स्किल्स
इस प्रोफेशन में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं होती। सबसे महत्वपूर्ण है प्रभावी संवाद करने की क्षमता। क्लाइंट को अपनी बात विश्वास के साथ समझाना और उसकी जरूरतों के अनुसार समाधान प्रस्तुत करना इस नौकरी की सबसे बड़ी मांग है। इसके अलावा बेहतर नेगोशिएशन स्किल्स, प्रेजेंटेशन स्किल्स, लीडरशिप, क्लाइंट हेंडलिंग, प्रॉब्लम सॉल्विंग, टाइम मैनेजमेंट और मॉर्केट रिसर्च की समझ भी आवश्यक होती है। आज के समय में डेटा का विश्लेषण करना और बदलते बाजार के रुझानों को समझना भी सफल बिजनेस डेवलपमेंट प्रोफेशनल की पहचान माना जाता है।
इन क्षेत्रों में हैं सबसे ज्यादा अवसर
- आईटी कंपनियां
- एडटेक प्लेटफॉर्म,
- बैंकिंग और इंश्योरेंस सेक्टर,
- डिजिटल मार्केटिंग एजेंसियां
- हेल्थकेयर इंडस्ट्री
- रियल एस्टेट कंपनियां
- ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म
करियर ग्रोथ के शानदार अवसर
इस क्षेत्र की सबसे बड़ी खासियत इसकी स्पष्ट करियर प्रोग्रेशन है। आमतौर पर उम्मीदवार बिजनेस डेवलपमेंट एक्जीक्यूटिव के रूप में शुरुआत करता है। अनुभव और प्रदर्शन के आधार पर वह Senior Executive, Team Lead, Business Development Manager, Regional Manager, Sales Head और आगे चलकर Business Head जैसे वरिष्ठ पदों तक पहुंच सकता है। अच्छी प्रदर्शन क्षमता रखने वाले प्रोफेशनल्स को अपेक्षाकृत कम समय में प्रमोशन मिलने की संभावना भी रहती है।
Salary
इस प्रोफेशन में शुरुआती वेतन भी आकर्षक माना जाता है। फ्रेशर्स को सामान्यतः 3 लाख से 5 लाख रुपये सालाना का पैकेज मिल सकता है। लगभग तीन से पांच वर्ष के अनुभव के बाद यह बढ़कर 6 लाख से 12 लाख रुपये सालाना तक पहुंच सकता है। वहीं अनुभवी और बड़े संगठनों में कार्यरत वरिष्ठ बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर्स को 12 से 15 लाख रुपये सालाना या इससे अधिक का पैकेज भी मिल सकता है। कई कंपनियां निश्चित वेतन के साथ प्रदर्शन आधारित इंसेंटिव और बोनस भी प्रदान करती हैं।
