Hardoi crime news: आधी रात कमरे में हुआ झगड़ा, फिर थम गईं चीखें... सुबह रामा की मौत से मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

हरदोई के संडीला में करीब 50 वर्षीय रामा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पति आसाराम पर शराब के नशे में तकिए से मुंह दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

संडीला / हरदोई: संडीला कोतवाली क्षेत्र के मुरार नगर में बुधवार देर रात पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद एक महिला की मौत के बाद बेहद गंभीर मामले में बदल गया। करीब 50 वर्षीय रामा की मौत से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। परिजनों की ओर से उसके पति आसाराम पर शराब के नशे में तकिए से मुंह दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बुधवार रात घर में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। बताया गया कि आसाराम शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने के बाद दोनों के बीच काफी देर तक झगड़ा हुआ। इसी दौरान आरोप है कि आसाराम ने रामा का मुंह तकिए से दबा दिया। कुछ समय बाद महिला की हालत बिगड़ गई। घर में मौजूद बच्चों को जब घटना का पता चला तो उनकी चीख-पुकार से माहौल दहल उठा।

घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची

आसपास के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अनुराग सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर के भीतर की स्थिति देखी और परिवार के लोगों से जानकारी ली। इसके बाद महिला के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके। घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब विवाद की वजह, घटना के समय मौजूद लोगों और महिला की मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रामा के पांच बच्चे बताए जा रहे हैं। इनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। तीन बच्चे दुर्गा (3), शनि (9) और सूरज (13) अभी परिवार के साथ रहते थे। मां की मौत के बाद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतका की सास मुन्नी देवी ने बताया कि रात में कमरे के अंदर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। कुछ ही देर में मामला इतना बिगड़ गया कि रामा की जान चली गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः बाराबंकी में ट्रांसफार्मर को लेकर बवाल, दरोगा ने की किसान की पिटाई... भड़के ग्रामीण; जानें आखिर क्या है पूरा मामला

संबंधित समाचार