Etah Road Accident : एटा में हाईवे पर खराब रोडवेज बस में धक्का लगा रहे यात्रियों को कंटेनर ने कुचला, चार की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Ateeq Khan
On

कंटेनर और रोडवेज बस के बीच में फंसकर कुचल गए यात्री

फर्रुखाबाद से यात्रियों को लेकर एटा जा रही एटा रोडवेज डिपो की बस रास्ते में खराब हो गई। यात्री धक्का लगाकर बस स्टार्ट कराने की कोशिश में जुटे थे। इसी बीच पीछे से आ रहे एक कंटेनर ने बस में टक्कर मार दी। धक्का लगा रहे यात्री कंटेनर और बस के बीच में फंसकर कुचल गए। एक्सीडेंट में 16 लोग घायल हुए थे। इसमें 4 की मौत हो गई। एक आईसीयू में हैं और 11 की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के एटा में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हाईवे पर खराब रोडवेज बस में धक्का लगा रहे यात्रियों को पीछे से कंटेनर ने टक्कर मार दी। इसमें 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हैं। एक की हालत गंभीर है, जो वेंटिलेटर पर हैं। दुर्घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। 


दुर्घटना रात करीब 11 बजे के आसपास की है। एटा डिपो की एक रोडवेज बस यात्रियों को लेकर फर्रुखाबाद से एटा लौट रही थी। बागवाला क्षेत्र के कीलरमऊ के पास बस खराब हो गई। ड्राईवर ने बस किनारे खड़ी कर दी और सही करने लगा। बताते हैं कि फिर भी जब स्ट्रार्ट नहीं हुई तो धक्का लगाकर स्टार्ट करने की कोशिश की गई। 

इसी दौरान पीछे से आए एक कंटेनर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। धक्का लगा रहे यात्री बस और कंटेनर के बीच में फंसकर कुचल गए। एक्सीडेंट होते ही चीख-पुकार मच गई। खून से लथपथ साथियों को देखकर यात्री बिलखने लगे। 

स्थानीय लोग और राहगीर भी जुटने लगे। सूचना पर पुलिस पहुंची। घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया। डॉक्टरों ने चार यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। कुल 16 लोग एक्सीडेंट की चपेट में आए थे। 10 की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन की यात्री जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। 

इन लोगों की मौत 


एटा रोडवेज बस हादसे में जिन चार यात्रियों की मौत हुई है। उनमें नवाबगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी 34 वर्षीय राजेश पुत्र रामसिंह, पिलखना निवासी सुखराम पुत्र राजपाल, नवाबगंज थाना क्षेत्र के उम्मरपुर गांव निवासी शैलेष कुमार पुत्र जोगराज सिंह की मौत हो गई। ये तीनों फर्रुखाबाद जनपद के रहने वाले हैं। एक अन्य यात्री सत्येंद्र पुत्र राजकुमार की मौत हुई है। सत्येंद्र बुलंदशहर के स्याना थाना क्षेत्र के भरी गांव के रहने वाले थे। 


क्या बोले डीएम 


दुर्घटना की सूचना मिलते ही एटा के डीएम और एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अस्पताल जाकर घायलों से मिले। डीएम ने कहा कि रोडवेज बस खराब थी। ड्राईवर ने इसे किनारे खड़ा किया था। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक आधी बस सड़क पर थी और आधी साइड में। पीछे से कंटेनर आ रहा था और सामने से ट्रक। इसी बीच कंटेनर ने बस में टक्कर मार दी और ये दुखद घटना सामने आई है। घायलों को अच्छे से अच्छा इलाज दिलाने की कोशिश है। दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार