UP Tourism: 10 जुलाई तक पूरे हों पर्यटन परियोजनाओं के टेंडर, नवंबर तक शुरू हो निर्माण; मंत्री जयवीर सिंह ने दिए सख्त निर्देश
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की समीक्षा बैठक में समयबद्ध परियोजनाओं, 15 दिन में ठेकेदारों के भुगतान, 15 अगस्त तक जिला संस्कृति प्रोत्साहन परिषदों को सक्रिय करने और एकीकृत परियोजना निगरानी डैशबोर्ड के शुभारंभ पर जोर।
लखनऊ, अमृत विचार : पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि 31 मार्च 2026 तक स्वीकृत सभी परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया 10 जुलाई तक पूरी कर तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि चुनावी वर्ष को देखते हुए सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता और तय समयसीमा में पूरा करना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही पर संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पर्यटन मंत्री, पर्यटन भवन में गुरुवार को पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने ठेकेदारों के लंबित भुगतान 15 दिनों के भीतर जारी करने के भी निर्देश दिए। साथ ही कहा कि विभाग ऐसी रणनीति बनाए जिससे प्रदेश में अधिक से अधिक पर्यटक आएं और स्थानीय लोगों को रोजगार व आय के नए अवसर मिलें। उन्होंने ऐतिहासिक स्थलों पर उनके इतिहास से जुड़े शिलालेख, साइनेज और क्यूआर/बारकोड लगाने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों को स्थलों की जानकारी आसानी से मिल सके। अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा, अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण करें।
बैठक में महानिदेशक पर्यटन वेदपति मिश्र, विशेष सचिव एवं निदेशक मृदुल चौधरी, पर्यटन विकास निगम के एमडी आशीष कुमार, विशेष सचिव संस्कृति संजय सिंह, निदेशक ईको पर्यटन पुष्प कुमार के., पर्यटन सलाहकार जे.पी. सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
15 अगस्त तक जिला संस्कृति प्रोत्साहन परिषदें हों सक्रिय
मंत्री ने सभी जिलों में स्थापित जिला संस्कृति प्रोत्साहन परिषदों को आवश्यक संसाधनों से लैस कर 15 अगस्त तक पूरी तरह क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ''परम्परा'' परियोजना के तहत पर्यटन केंद्रों को भारतीय और वैदिक स्थापत्य की झलक के साथ आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने का सुझाव दिया। इसके अलावा पर्यटन स्थलों पर अधिक संख्या में छायादार एवं लंबे पेड़ लगाने की भी बात कही।
भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश
जयवीर सिंह ने राजधानी में संस्कृति भवन की स्थापना के लिए शहीद पथ के आसपास उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने हेतु जिलाधिकारी लखनऊ से समन्वय करने के निर्देश दिए। वहीं काकराबाद में प्रस्तावित भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के नए परिसर के लिए छह एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने को कहा।
एकीकृत परियोजना निगरानी डैशबोर्ड का शुभारंभ
बैठक से पहले पर्यटन मंत्री ने संस्कृति विभाग के एकीकृत परियोजना निगरानी डैशबोर्ड का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इससे परियोजनाओं की निगरानी, पारदर्शिता, जवाबदेही, वित्तीय अनुशासन और संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
यह भी पढ़ेंः UP News: मानसिक दिव्यांगों को बड़ी राहत, भरण-पोषण अनुदान ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 होगा; सीएम योगी ने दिए अहम निर्देश
