Sultanpur Encounter: पीढ़ी टोल प्लाजा पर पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, 50 हजार के इनामी समेत 4 शातिर चोर गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

सुलतानपुर अमृत विचार। जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के बीच जयसिंहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली। गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात पीढ़ी टोल प्लाजा के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में ₹50 हजार के इनामी बदमाश समेत चार शातिर चोर गिरफ्तार कर लिए गए। मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी जयसिंहपुर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से  ₹11 लाख नकद, जेवरात, तीन देसी तमंचे, 22 जिंदा कारतूस और एक जीप कंपास बरामद की है।

अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि रात करीब तीन बजे जयसिंहपुर पुलिस पीढ़ी टोल के पास चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि एक जीप कंपास में सवार कुछ संदिग्ध बदमाश क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश भाग निकले और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। 


पुलिस ने की जवाबी कार्यवाई 

जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश घायल हो गए, जबकि चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र निवासी अनिकेत चौहान भी शामिल है, जिस पर 52 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं और वह ₹50 हजार का इनामी बदमाश है। इसके अलावा आकाश पर 46, मिथलेश चौहान पर 26 तथा अजय पर 22 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पूछताछ में आरोपियों ने आसपास के कई जनपदों में लंबे समय से चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह वारदात की नीयत से सुलतानपुर आया था, लेकिन सतर्क चेकिंग और त्वरित कार्रवाई के चलते पकड़ लिया गया। पुलिस अब बरामद नकदी और जेवरात के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में भी जुटी है।

ये भी पढ़ें  : 
लखनऊ के शालीमार गैलेंट अपार्टमेंट की 8वीं मंजिल से कूदकर युवक ने दी जान, मौके पर ही मौत; सामने आई ये वजह

संबंधित समाचार