UP Mango Festival 2026: सीएम योगी ने किया आम महोत्सव का शुभारंभ, 800 से ज्यादा प्रजातियां का हुआ प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन दिवसीय 'उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026' का उद्घाटन किया। 7 श्रेणियों और 56 वर्गों में 800 से अधिक आम की किस्मों का प्रदर्शन, क्रेता-विक्रेता सम्मेलन और आम निर्यात बढ़ाने पर विशेष फोकस किया गया।

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में आज से तीन दिवसीय 'उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026' का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन किया। यह आयोजन 3 से 5 जुलाई तक चलेगा, जिसमें 7 श्रेणियों और 56 वर्गों में लगभग 800 से अधिक आम की प्रजातियों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर सीएम ने आम विक्रेताओं को सम्मानित भी किया। 

उद्यान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि महोत्सव में उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के उद्यान विभागों के प्रतिनिधि, प्रगतिशील बागवान तथा निर्यातक भी भाग लिया। कृषि मंत्री ने इस अवसर पर देश से लेकर विदेश तक यूपी में कृषि उत्पादन से लेकर आम उत्पादन तक की उप्लब्धियां भी गिनाई। 

MUSKAN DIXIT (33)

पहली बार होगा आम क्रेता-विक्रेता सम्मेलन

उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को लखनऊ के जन भवन में पहली बार आम क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य बागवानों को सीधे बाजार और खरीदारों से जोड़ना है, जिससे उन्हें बेहतर मूल्य और नए व्यापारिक अवसर मिल सकें।

महोत्सव में प्रदर्शित आम के पौधे बिक्री के लिए भी उपलब्ध रहेंगे। उद्यान मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे एक पौधा अवश्य खरीदें और उसका रोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।

बच्चों से लेकर बागवानों तक के लिए खास आयोजन

महोत्सव में बच्चों के लिए आम खाने की प्रतियोगिता और आम से बने व्यंजनों की प्रतियोगिता प्रमुख आकर्षण हैं। वहीं बागवानों के लिए उन्नत बागवानी तकनीक, तुड़ाई उपरांत प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा विपणन से संबंधित विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया गया है।

MUSKAN DIXIT (34)

आम उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश में नंबर-1

दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा आम उत्पादक राज्य है। प्रदेश में लगभग 3.27 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में 61.96 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन होता है, जो देश के कुल उत्पादन का लगभग 26.22 प्रतिशत है।

प्रदेश की दशहरी, लंगड़ा, चौसा, गौरजीत, लखनऊ सफेदा, रटौल और आम्रपाली जैसी प्रसिद्ध किस्मों की देश-विदेश में विशेष मांग है। इनका उत्पादन लखनऊ, सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद, वाराणसी, अयोध्या और प्रयागराज मंडलों में बड़े पैमाने पर किया जाता है।

आम निर्यात में भी दर्ज हुई बड़ी बढ़ोतरी

एपीडा (APEDA) के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024-25 में प्रदेश से 404 मीट्रिक टन आम एवं आम पल्प का ₹2.63 करोड़ मूल्य का निर्यात हुआ था। वहीं वर्ष 2025-26 में यह बढ़कर 3,563 मीट्रिक टन और ₹12.67 करोड़ तक पहुंच गया।

उत्तर प्रदेश का आम यूनाइटेड किंगडम (लंदन), संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सऊदी अरब, मलेशिया, सिंगापुर, कुवैत, न्यूजीलैंड, बेल्जियम, जापान, इटली, कतर और रूस सहित कई देशों में निर्यात किया जा रहा है। इस वर्ष भी महोत्सव के दौरान प्रदेश से अन्य देशों को आम निर्यात किए जाने की तैयारी है।

आधुनिक पैक हाउस से मिलेगा निर्यात को बढ़ावा

प्रदेश सरकार ने लखनऊ, सहारनपुर, वाराणसी और अमरोहा में आधुनिक मैंगो पैक हाउस स्थापित किए हैं, जहां अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार आम की प्री-प्रोसेसिंग और उपचार किया जा रहा है। इसके अलावा जेवर एयरपोर्ट के निकट फलों के टेस्टिंग एवं ट्रीटमेंट सेंटर का निर्माण भी जारी है, जिससे भविष्य में उद्यानिकी निर्यात को और गति मिलने की उम्मीद है।

आम की गुणवत्ता बेहतर बनाने और कीट एवं रोगों से सुरक्षा के लिए इस वर्ष विभाग द्वारा किसानों को लगभग 1.50 करोड़ फल बैग भी वितरित किए गए हैं।

यह भी पढ़ेंः Uttar Pradesh Mango Festival 2026: 'सक्षम प्रशासन और समृद्ध अन्नदाता ही विकसित यूपी की नींव', सीएम योगी ने 464 करोड़ की परियोजना का किया लोकार्पण

संबंधित समाचार