Uttar Pradesh Mango Festival 2026: 'सक्षम प्रशासन और समृद्ध अन्नदाता ही विकसित यूपी की नींव', सीएम योगी ने 464 करोड़ की परियोजना का किया लोकार्पण
22 एकड़ में बने आधुनिक प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी परिसर का शुभारंभ, साथ ही 9वें उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 का भी किया उद्घाटन।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि सक्षम प्रशासन और समृद्ध अन्नदाता ही 'विकसित उत्तर प्रदेश' की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक प्रशासनिक प्रशिक्षण व्यवस्था और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयास प्रदेश के विकास को नई गति देंगे।
मुख्यमंत्री ने यह बात 22 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में 464 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के अत्याधुनिक नए परिसर के लोकार्पण और 9वें उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 के उद्घाटन से पहले सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा किए गए अपने संदेश में कही।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2072862024837845359?s=20
उन्होंने कहा कि नई प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यहां प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण देकर शासन-प्रशासन की कार्यक्षमता तथा सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी अवसर पर 9वें उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 का भी शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान वह महोत्सव की स्मारिका का विमोचन करेंगे और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रगतिशील बागवानों को सम्मानित भी करेंगे।
यह आम महोत्सव 3 से 5 जुलाई तक गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव में उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों की सैकड़ों किस्मों के आमों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे किसानों, बागवानों और खरीदारों को एक साझा मंच मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रशासनिक दक्षता और कृषि समृद्धि का यह संगम प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था से सुशासन को मजबूती मिलेगी, जबकि आम महोत्सव किसानों और बागवानों को बेहतर विपणन, प्रोत्साहन और नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यह भी पढ़ेंः Amarnath Yatra 2026: पीएम मोदी का अमरनाथ यात्रियों के नाम भावुक संदेश, यात्रा से पहले दिलाए 5 बड़े संकल्प
