लगातार तीसरी बार लखनऊ के इकाना में सजेगा UP T20 League का रोमांच, ग्रीनपार्क से बदला वेन्यू
14 अगस्त से 6 सितंबर तक होगा टूर्नामेंट
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने इस वर्ष होने वाली यूपी टी-20 लीग के आयोजन स्थल में बड़ा बदलाव करते हुए कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम की जगह लखनऊ के इकाना स्टेडियम को मेजबानी सौंपी है। 14 अगस्त से 6 सितंबर तक प्रस्तावित लीग का आयोजन लगातार तीसरे वर्ष इकाना स्टेडियम में होगा।
यूपीसीए के अनुसार ग्रीनपार्क स्टेडियम में बकाया भुगतान, फ्लडलाइटों की खराब स्थिति, अधूरी ड्रेनेज व्यवस्था और दर्शकों के बैठने की अपर्याप्त सुविधाओं के कारण यह फैसला लिया गया है। इन कमियों को देखते हुए लीग को लखनऊ स्थानांतरित किया गया। इकाना स्पोर्ट्स सिटी के सीएमडी उदय सिन्हा ने बताया कि लगातार तीसरी बार यूपी टी-20 लीग की मेजबानी मिलना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और टूर्नामेंट का आधिकारिक कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा। इस बार लीग में कानपुर सुपरस्टार्स, काशी रुद्रास, गोरखपुर लायंस, नोएडा सुपरकिंग्स, मेरठ मावरिक्स और मेजबान लखनऊ फॉल्कंस समेत छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी।
लखनऊ फॉल्कंस के ट्रायल में दूसरे दिन भी उमड़ी प्रतिभाओं की भीड़
इकाना स्टेडियम में लखनऊ फॉल्कंस टीम के चयन के लिए आयोजित ट्रायल के दूसरे दिन खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर के 275 उभरते खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और विकेटकीपिंग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टीम प्रबंधन के अनुसार चयन प्रक्रिया का तीसरा और अंतिम दिन शुक्रवार को होगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया है।
