लखनऊ से बाराबंकी के बीच जल्द दौड़ेगी मेट्रो, 15 किमी लंबे नए कॉरिडोर का रूट प्रस्ताव तैयार
अमित पांडेय/लखनऊ, अमृत विचारः लखनऊ से बाराबंकी के बीच रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। मेट्रो प्रशासन ने विस्तार के लिए रूट प्रस्ताव सरकार को भेज दिया है। राज्य और केंद्र सरकार से मंजूरी मिली तो अगले दो वर्षों में अनौरा कलां से बाराबंकी के बीच मेट्रो दौड़ने लगेगी। इससे पॉलिटेक्निक से मटियारी के बीच लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से निजात तो मिलेगी ही लंबी दूरी का सफर कम वक्त में और खासा सुविधाजनक हो जाएगा।
एयरपोर्ट से सीधे बाराबंकी जाने वालों को वातानुकूलित मेट्रो सेवाओं का सीधा और आसान सफर उपलब्ध होगा। भेजे गए प्रस्ताव में कॉरिडोर की लंबाई करीब बताई गई। इस रूट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में नौकरीपेशा, छात्र और कारोबारी यात्रा करते हैं। सड़क पर बढ़ते ट्रैफिक और जाम की समस्या को देखते हुए मेट्रो इस मार्ग के लिए एक प्रभावकारी और लाभकारी रूट होगा।
फेज-2 से आधी होगी लागत
जहां लखनऊ मेट्रो के फेज-2 की अनुमानित लागत करीब 5,800 करोड़ रुपये है, वहीं अनौरा कलां से बाराबंकी तक प्रस्तावित कॉरिडोर की लागत लगभग 3,000 से 3,500 करोड़ रुपये का होने का अनुमान है। इसका कारण इस रूट पर एलिवेटेड स्टेशन का होना है जिससे निर्माण लागत कम होगी।
मेट्रो परियोजनाओं में राज्यांश 25 और केंद्रांश भी होगा 25 फीसद
मेट्रो संचालन की निर्माण लागत की बात करें तो एक एलिवेटेड स्टेशन पर करीब 125 करोड़ रुपये, जबकि भूमिगत स्टेशन के निर्माण पर लगभग 425 करोड़ रुपये खर्च होते हैं। इनमें से राज्यांश 25 और केंद्रांश भी 25 फीसद मिलना तय है। शेष 50 फीसद ऋण के रूप में होगा।
यात्रियों को होने वाले फायदे
-लखनऊ और बाराबंकी के बीच सफर का समय घटेगा।
-पॉलिटेक्निक-मटियारी के जाम से मिलेगी राहत।
-रोजाना आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को सुविधाजनक और सुरक्षित परिवहन मिलेगा।
-प्रदूषण और सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा।
-शहर के पूर्वी हिस्से के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
-एयरपोर्ट से सीधे बाराबंकी जाने वालों को सीधा लाभ होगा।
अनौरा कलां से बाराबंकी तक मेट्रो कॉरिडोर की संभावित मेट्रो विस्तार योजना तैयार है। प्रस्तावित मार्ग की लंबाई लगभग 15 किलोमीटर है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार से समय पर मंजूरी मिल जाती है तो पूरा प्रयास रहेगा कि दो वर्षों के भीतर इस रूट पर मेट्रो का संचालन शुरू किया जा सके।पंचानन मिश्रा, जनसंपर्क अधिकारी लखनऊ मेट्रो
ये भी पढ़ें :
लखनऊ के शालीमार गैलेंट अपार्टमेंट की 8वीं मंजिल से कूदकर युवक ने दी जान, मौके पर ही मौत; सामने आई ये वजह
