UPTET 2026: वाराणसी कैंट स्टेशन पर परीक्षार्थियों के लिए बना विशेष होल्डिंग एरिया, नगर निगम ने किए व्यापक इंतजाम

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

यूपीटीईटी-2026 के दौरान लाखों अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कैंट रेलवे स्टेशन पर विश्राम क्षेत्र तैयार, 68 परीक्षा केंद्रों पर सफाई और पेयजल व्यवस्था के विशेष निर्देश।

वाराणसी। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी-2026) के सुचारू और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर वाराणसी जिला प्रशासन और नगर निगम पूरी तरह सक्रिय हैं। दो जुलाई से चार जुलाई तक आयोजित हो रही इस त्रिदिवसीय परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शहर पहुंचने को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

परीक्षार्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम ने वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख स्थानों पर विशेष इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में कैंट रेलवे स्टेशन पर एक सुसज्जित होल्डिंग एरिया (विश्राम क्षेत्र) तैयार किया गया है, जहां बाहर से आने वाले अभ्यर्थी ट्रेन का इंतजार करने या परीक्षा से पहले और बाद में आराम कर सकेंगे।

इस विश्राम क्षेत्र में बैठने के लिए पर्याप्त संख्या में कुर्सियां और टेंट लगाए गए हैं। साथ ही स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

नगर निगम ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे होल्डिंग एरिया और आसपास के परिसर को स्वच्छ बनाए रखें तथा प्रतिबंधित सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें।

परीक्षा व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी और जलकल विभाग के महाप्रबंधक को सभी 68 परीक्षा केंद्रों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख आवागमन मार्गों पर उत्कृष्ट साफ-सफाई तथा निर्बाध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा परीक्षा अवधि के दौरान विशेष सफाई अभियान चलाने, जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सभी मुख्य सफाई निरीक्षकों तथा सफाई निरीक्षकों को फील्ड में लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यूपीटीईटी-2026 में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो, जिससे वे बिना किसी परेशानी के परीक्षा में शामिल हो सकें।

यह भी पढ़ेंः Lucknow University Global Success: 77 देशों के 3,421 विदेशी छात्रों ने किया आवेदन, एक साल में 64% की रिकॉर्ड बढ़ोतरी

संबंधित समाचार