हरदोई एटीएम हादसा : ATM में उतरा करंट! वेतन निकालने पहुंचे सफाईकर्मी की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

हरदोई में एसबीआई एटीएम से वेतन निकालने पहुंचे सफाईकर्मी की कथित तौर पर करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

हरदोई। जिले में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। वेतन निकालने के लिए एटीएम पहुंचे एक सफाईकर्मी की कथित तौर पर करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ड्यूटी के बाद एटीएम पहुंचे थे मनोज

जानकारी के मुताबिक, कोतवाली शहर क्षेत्र के रुकमनापुर मजरा तत्यौरा निवासी 40 वर्षीय मनोज, पुत्र छोटेलाल, मल्लावां ब्लॉक की सुमेरपुर ग्राम पंचायत में सफाईकर्मी के पद पर तैनात थे। बुधवार को उनके खाते में वेतन आया था। गुरुवार को ड्यूटी पूरी करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में बावन चुंगी-कोतवाली रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एटीएम पर पैसे निकालने के लिए रुके।

बताया जा रहा है कि जैसे ही उन्होंने एटीएम मशीन में कार्ड लगाया, उसी दौरान वह कथित रूप से करंट की चपेट में आ गए। काफी देर तक किसी का ध्यान उन पर नहीं गया। बाद में एक अन्य व्यक्ति के पहुंचने पर लोगों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक मनोज अपने पीछे पत्नी रीता देवी, एक बेटा हिमांशु और दो बेटियां हिमांशीमानसी को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय एटीएम पर कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। हालांकि बैंक की ओर से कहा गया कि सुरक्षा गार्ड ड्यूटी पर था और किसी जरूरी कार्य से कुछ देर के लिए बैंक के अंदर गया हुआ था। पुलिस एटीएम में करंट आने की वजह और सुरक्षा व्यवस्था समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

एटीएम इस्तेमाल करते समय बरतें ये सावधानियां
  • नंगे हाथ या नंगे पैर एटीएम मशीन को न छुएं।
  • यदि एटीएम सेंटर में पानी भरा हो या फर्श गीला हो तो अंदर न जाएं।
  • मशीन छूते समय झनझनाहट या करंट जैसा एहसास हो तो तुरंत बाहर निकल जाएं और बैंक को सूचना दें।

संबंधित समाचार