Balrampur News : गुलाब भी, चालान भी, सड़क सुरक्षा अभियान में प्रशासन का सख्त और संवेदनशील संदेश
-53 वाहन सीज, 437 के चालान; नियमों का पालन करने वालों को फूल देकर किया सम्मानित
बलरामपुर, अमृत विचार। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में गुरुवार को जिलेभर में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। प्रमुख चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभालकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी हेमंत गुप्ता, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बृजेश यादव समेत अन्य अधिकारियों ने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया। वीर विनय चौक समेत विभिन्न स्थानों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्र की जांच की गई।
नियमों का पालन करने वालों को मिला 'गुलाब',लापरवाही पर चले चाबुक
अभियान की खास बात यह रही कि जिन वाहन चालकों ने सभी नियमों का पालन किया और उनके दस्तावेज पूरे मिले, उन्हें अधिकारियों ने गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया।
53 वाहन सीज, 8.17 लाख का जुर्माना
वहीं नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 53 वाहनों को सीज, 437 वाहनों का चालान और कुल 8.17 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
'सड़क सुरक्षा एक सामाजिक जिम्मेदारी'
प्रशासन ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों का पालन करे तो अनेक दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने के लिए ऐसे जागरूकता और प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
