Chitrakoot News : चित्रकूट में किसानों के समर्थन में धरने पर बैठे सदर विधायक अनिल प्रधान, निजी ट्यूबवेल योजना की सामग्री न मिलने पर जताया विरोध

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

पूरा भुगतान करने के बावजूद किसानों को महीनों से नहीं मिल रही सामग्री, अधिकारियों के एक सप्ताह में 50 किसानों को सामान देने के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना

चित्रकूट में निजी ट्यूबवेल योजना के तहत पूरा भुगतान करने के बावजूद सामग्री न मिलने पर सपा विधायक अनिल प्रधान किसानों के साथ धरने पर बैठे। अधिकारियों ने एक सप्ताह में 50 किसानों को सामग्री देने का आश्वासन दिया।

चित्रकूट, अमृत विचार। निजी ट्यूबवेल योजना के तहत पूरा भुगतान करने के बावजूद किसानों को बिजली संबंधी सामग्री समय पर उपलब्ध न कराए जाने के विरोध में सदर विधायक अनिल प्रधान बुधवार को किसानों के साथ धुस मैदान स्थित विद्युत विभाग के स्टोर पर धरने पर बैठ गए। अधिकारियों के एक सप्ताह के भीतर 50 किसानों को क्रमानुसार पूरी सामग्री उपलब्ध कराने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

धरने के दौरान विधायक अनिल प्रधान ने आरोप लगाया कि किसानों से योजना के तहत पूरा भुगतान लेने के बावजूद उन्हें महीनों तक बिजली का सामान नहीं दिया जा रहा है। कई किसानों को आधा-अधूरा सामान देकर टाल दिया जाता है, जिससे निजी ट्यूबवेल चालू नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बारिश नहीं होने से जलस्तर पहले ही नीचे चला गया है और सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है।

धरने की सूचना मिलने पर उप जिलाधिकारी अजय यादव और अधिशासी अभियंता आरके यादव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आगरा स्थित अधीक्षण अभियंता (स्टोर) से वार्ता की, जिसके बाद किसानों को आश्वस्त किया गया कि एक सप्ताह के भीतर क्रमवार 50 किसानों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा दी जाएगी।

इसके बाद विधायक ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा। साथ ही दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और अधीक्षण अभियंता (विद्युत) को भी पत्र भेजकर जल्द समाधान की मांग की। आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। धरने में सुरेंद्र यादव, राजेंद्र सिंह, मुन्ना, सूरजपाल, महेंद्र, सुरिजभान, शिवगोपाल, रज्जन, कृष्णदत्त, शिवबरन, नत्थू प्रसाद, रामलाल, नरेंद्र कुमार, सत्यनारायण, सुग्गन सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

आकांक्षी जिला होने के बाद भी दिक्कत

सपा विधायक अनिल प्रधान ने कहा कि चित्रकूट को आकांक्षी जिला घोषित किया गया है, लेकिन यहां किसानों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग किसानों को किस्तों में सामग्री उपलब्ध कराता है। पहले पोल, फिर कई दिन बाद तार और उसके बाद अन्य सामान मिलने से बिजली कनेक्शन समय पर नहीं हो पाता और किसानों को सिंचाई में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

संबंधित समाचार