Kanpur News: कानपुर सेंट्रल स्टेशन के बाहर बदलेगी तस्वीर, नगर आयुक्त ने गंदगी और अतिक्रमण पर जताई नाराजगी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के आसपास साफ-सफाई, अतिक्रमण हटाने और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने निरीक्षण किया। अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

कानपुर/अमृत विचार। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार दोपहर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने घंटाघर और कानपुर सेंट्रल स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सार्वजनिक शौचालय, रैन बसेरे और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी, कूड़े के ढेर और अतिक्रमण मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने रेलवे स्टेशन के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय, रेलवे गोदाम के निकट बने टॉयलेट और रैन बसेरे का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कानपुर सेंट्रल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आते हैं और स्टेशन के बाहर की व्यवस्था ही शहर की पहली छवि प्रस्तुत करती है। ऐसे में पूरे क्षेत्र को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति पर विशेष जोर देते हुए नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी शौचालय नियमित रूप से साफ-सुथरे और उपयोग के योग्य रहें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शौचालय यात्रियों और स्थानीय लोगों की बुनियादी जरूरत है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। रैन बसेरे में भी कुछ कमियां मिलने पर उन्हें जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए। 

वहीं रेलवे स्टेशन के आसपास सड़कों पर फैले अतिक्रमण को हटाने, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करने, ट्रैफिक संचालन बेहतर बनाने और अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। नगर आयुक्त ने कहा कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र को शहर का प्रवेश द्वार मानते हुए यहां सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलते ही बेहतर और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।

संबंधित समाचार