Prayagraj Rain News: पहली तेज बारिश में डूबा प्रयागराज, सिविल लाइंस से खुल्दाबाद तक जलभराव, नगर निगम के दावों पर उठे सवाल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज में गुरुवार सुबह मानसून की पहली जोरदार बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की हकीकत सामने ला दी। शहर के पुराने मोहल्लों से लेकर पॉश इलाके सिविल लाइंस तक कई स्थानों पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा और आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज में गुरुवार सुबह मानसून की पहली जोरदार बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की हकीकत सामने ला दी। शहर के पुराने मोहल्लों से लेकर पॉश इलाके सिविल लाइंस तक कई स्थानों पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा और आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के अकबरपुर मोहल्ले में गलियों में घुटनों तक पानी भर गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले और नालियां चोक होने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं सका। जलभराव की वजह से लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी हुई, जबकि कई गलियों में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया।

नगर निगम ने मानसून से पहले नालों और नालियों की सफाई पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च करने का दावा किया था, लेकिन पहली ही तेज बारिश में शहर के कई हिस्सों में जलभराव ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए। लोगों का आरोप है कि सफाई कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं हुआ, जिसके चलते जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित नजर आई।

cats

बारिश का असर शहर के वीआईपी और पॉश इलाके सिविल लाइंस में भी साफ दिखाई दिया। नगर निगम मुख्यालय के सामने स्थित सिविल लाइंस थाना और महिला थाना परिसर में भी बारिश का पानी भर गया। इससे पुलिसकर्मियों, फरियादियों और आम लोगों को पानी के बीच से होकर थाने तक पहुंचना पड़ा। थाना परिसरों में जलभराव के दौरान पानी निकासी की कोई त्वरित व्यवस्था नजर नहीं आई।

इससे पुलिस प्रशासन भी असहाय दिखाई दिया और लोगों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी। मानसून की पहली ही तेज बारिश ने प्रयागराज की जल निकासी व्यवस्था और नगर निगम की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के कई इलाकों में जलभराव से नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा, जिससे मानसून के पूरे सीजन को लेकर भी लोगों की चिंता बढ़ गई।

पहली ही बारिश में खुली तैयारियों की पोल
  • मानसून की पहली तेज बारिश में शहर के कई इलाकों में जलभराव।
  • खुल्दाबाद के अकबरपुर मोहल्ले की गलियों में घुटनों तक भरा पानी।
  • सिविल लाइंस थाना और महिला थाना परिसर भी जलमग्न।
  • नगर निगम ने नाला सफाई पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च करने का किया था दावा।
  • जल निकासी ठप होने से लोगों का आवागमन प्रभावित, घरों से निकलना हुआ मुश्किल।
  • पहली ही बारिश के बाद नगर निगम की तैयारियों और नाला सफाई अभियान पर उठे सवाल।

संबंधित समाचार