Bareilly News : इज्जतनगर लोको शेड से तैयार हुआ 150 वां डव्ल्यूएजी-9 एचसी इंजन
अत्याधुनिक सुरक्षा तकनीक से लैस, चालक दल के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं, 6,350 हॉर्स पावर क्षमता वाले विद्युत लोको का महाप्रबंधक ने किया अनावरण
बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर विद्युत लोको शेड ने 150 वां अत्याधुनिक डव्ल्यूएजी-9 एचसी विद्युत इंजन तैयार कर नई उपलब्धि हासिल की है। 6,350 हॉर्स पावर क्षमता वाले इस इंजन में स्वदेशी ''''कवच'''' सुरक्षा प्रणाली, डिस्ट्रीब्यूटेड पावर वायरलेस कंट्रोल सिस्टम और चालक दल के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बुधवार को पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने इसका अनावरण करते हुए इसे सुरक्षित, विश्वसनीय और ऊर्जा दक्ष माल परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस लोको में स्वदेशी ''''कवच'''' सुरक्षा प्रणाली स्थापित की गई है, जो सिग्नल पास्ड एट डेंजर या एक ही ट्रैक पर दो ट्रेनों के आमने-सामने आने जैसी स्थिति में स्वतः इमरजेंसी ब्रेक लगाकर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में सक्षम है। इसके अलावा डिस्ट्रीब्यूटेड पावर वायरलेस कंट्रोल सिस्टम के जरिए दो या अधिक लोकोमोटिवों का समन्वित संचालन संभव होगा, जिससे लंबी और भारी मालगाड़ियों का सुरक्षित एवं प्रभावी संचालन किया जा सकेगा।
रात्रिकालीन परिचालन के लिए इसमें उच्च क्षमता की एलईडी हेडलाइट भी लगाई गई है। लोको पायलट की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंजन में वातानुकूलित चालक केबिन, एर्गोनॉमिक एवं कुशनयुक्त सीटें, वाटरलेस यूरिनल, एलईडी सिग्नल एक्सचेंज लाइट जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इससे लंबी दूरी की मालगाड़ियों के संचालन के दौरान चालक दल को अधिक आरामदायक और सुरक्षित कार्य वातावरण मिलेगा। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने विद्युत लोको शेड के वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरएस) योगेश कुमार सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विद्युत लोको के सफल निर्माण व समर्पण पर बधाई दी।
